1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. खौफनाक VIDEO: 15 अगस्त की सुबह चलती बस अचानक बनी आग का गोला, मिनटों में जलकर हो गई खाक

खौफनाक VIDEO: 15 अगस्त की सुबह चलती बस अचानक बनी आग का गोला, मिनटों में जलकर हो गई खाक

लातूर जिले में 15 अगस्त की सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुणे से लातूर जा रही लोटस ट्रेवल्स की बस ने अचानक आग पकड़ ली। ये देखकर बस में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई।

bus fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चलती बस में लगी भीषण आग

महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा शहर में एक चलती यात्रियों से भरी बस में अचानक भीषण आग लग गई। इससे बस धू-धूकर जल उठी और गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत ये रही कि समय रहते सभी यात्रियों, ड्राइवर और हेल्पर को बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही औसा नगर निगम और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। यह हादसा औसा शहर के हाश्मी चौक के मुख्यमार्ग पर हुआ। मामला औसा थाना क्षेत्र का है।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, लोटस ट्रेवल्स की बस पुणे से रात 10 बजे लातूर जाने के लिए निकली थी। बस में 40 से 45 यात्री सवार थे। 15 अगस्त की सुबह 9 बजे के करीब ये बस औसा के हाश्मी चौक पर पहुंची थी तभी टायर फट गया और आग लग गई। ड्राइवर ने आनन-फानन में बस को रोका। इसके बाद सभी यात्री, ड्राइवर और कंडक्टर बस से बाहर निकले। इधर बस से सभी यात्री बाहर निकले ही थे कि आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में आग की बड़ी-बड़ी लपटें दिखाई देने लगीं। सभी यात्री, ड्राइवर और कंडक्टर जलती हुई बस से दूर हो गए।

1 घंटे तक यातायात बाधित 

लोगों ने औसा नगर निगम और थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। औसा फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई है, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। बीच सड़क पर बस में आग लगने से यातायात भी बाधित हो गया। करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद सुबह 10 बजे पुलिस ने दोबारा आवागमन शुरू करवाया है। बस महाराष्ट्र के लोटस ट्रैवल्स की है। बस के मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

(रिपोर्ट- आसिफ पटेल)

यह भी पढ़ें-

बाइक की टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस, आसमान में छाया काला धुआं, मौके पर ही 3 की मौत-VIDEO

पावर बैंक में आग लगने के बाद विमान का केबिन हुआ धुआं-धुआं, मचा हड़कंप; देखें VIDEO