महाराष्ट्र के जलगांव जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक यावल तालुका स्थित किनगांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से पथ संचलन रैली निकालने की तैयारी के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोगों मस्जिद के सामने से पथ संचलन के गुजरने का विरोध किया। वहीं हालात बिगड़ता देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
मस्जिद के सामने हुआ विरोध
मिली जानकारी के मुताबिक, शहर से गुजरने वाले पथ संचलन के समय मस्जिद के सामने से गुजरते समय एक समूह ने विरोध किया। एक मस्जिद के सामने से रैली ले जाने को लेकर विरोध जताते हुए पुरुषों ने महिलाओं को आगे कर धरने पर बैठा दिया। इसी दौरान मौके पर तनाव बढ़ गया और कुछ स्थानों पर पथराव शुरू हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस घटना से किंगांव इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस बंदोबस्त के बीच पथ संचलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जलगांव जिले का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, डिवीजनल पुलिस अधिकारी अनिल बडगुजर और भुसावल, यावल और रावेर से बड़ी संख्या में पुलिस बल किंगांव पहुंच गया है। फिलहाल किनगांव में स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।
घटना की जांच जारी
धार्मिक स्थल के सामने से जुलूस निकालने के मुद्दे पर हुए विवाद से कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठ खड़ा हुआ है। पता चला है कि पुलिस प्रशासन हालात को काबू में करने की कोशिश कर रहा है ताकि कोई अनहोनी न हो। हालांकि, अब सवाल उठ रहे हैं कि जुलूस के रास्ते को लेकर यह विवाद आखिर किस वजह से भड़का, पत्थरबाजी किसने शुरू की और इस पूरी घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। इस घटना और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन के आधिकारिक रुख पर ध्यान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें-
नागपुर में नकली नोटों का खेल! किराए के मकान से 37 लाख की जाली करेंसी मिली, छपाई का सामान भी बरामद