1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया के परिवार की बढ़ीं मुश्किलें, दुकान को मिला 'कारोबार बंद करने' का नोटिस

केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया के परिवार की बढ़ीं मुश्किलें, दुकान को मिला 'कारोबार बंद करने' का नोटिस

केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल के परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। FDA ने परिवार की दुकान को कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया है। आइए जानते हैं कि इस बारे में क्या पता लगा है।

ketan agarwal murder case siya goyal shop closed- India TV Hindi
Image Source : REPORTER केतन अग्रवाल हत्याकांड।

महराष्ट्र के पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड काफी दिनों तक चर्चा में रहा था। केतन की शादी सिया गोयल से होने वाली थी लेकिन शादी से पहले उसकी मौत हो गई। केतन की हत्या का आरोप उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा है। पुलिस ने हत्या के आरोप में सिया गोयल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर इस पूरी घटना के बीच अब सिया गोयल के परिवार के लिए भी बड़ी मुश्किल सामने आ गई है। जानकारी के अनुसार, सिया गोयल के परिवार को दुकान में कारोबार रोकने का नोटिस मिला है।

दुकान को क्यों मिला नोटिस?

दरअसल, महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सिया गोयल के परिवार की मसाला और सूखे मेवों की दुकान को कथित नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। FDA ने नोटिस में दुकान का कारोबार तुरंत रोकने को कहा है। सूत्रों के मिली जानकारी के मुताबिक, इस दुकान का संचालन 'मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी' द्वारा किया जाता है। ये वर्तमान में जेल में बंद सिया गोयल के परिवार की है। जानकारी के अनुसार, ये दुकान पुणे शहर के मध्य में स्थित 'मार्केट यार्ड' इलाके में है। नोटिस में अगले आदेश तक दुकान में व्यावसायिक गतिविधियों को पूरी तरह से बंद करने को कहा गया है।

FDA ने बताया है कि अधिकारियों ने दुकान की जांच की थी और खाद्य उत्पादों के चार नमूने लिए थे। इसके बाद प्रोडक्ट्स पर गलत/अधूरी जानकारी लिखे होने और संभावित मिलावट के शक में जांच के दौरान 8.14 लाख रुपये की कीमत का कुल 4,172 किलोग्राम माल जब्त किया गया है। FDA के मुताबिक, दुकान के लाइसेंस डिटेल में जरूरी सुधार भी नहीं किए गए थे।

कैसे हुई केतन की हत्या?

आपको बता दें कि 25 साल के केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को लोहागढ़ किले से गिरने के कारण हो गई थी। हालांकि, जब पुलिस ने पूरे मामले की जांच की तो ये मामला हत्या का निकला। केतन की शादी सिया गोयल से होने वाली थी। जानकारी के अनुसार, सिया गोयल पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर लोहागढ़ किले की पहाड़ी चढ़ाई के दौरान केतन को खाई में धक्का दे दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- केतन अग्रवाल के पिता ने इंसाफ के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखा भावुक पत्र, की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

केतन की हत्या के लिए सिया और चेतन ने क्या की थी प्लानिंग? SnapChat, डिलीट की गई चैट में मिले सबूत