1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महिला ने हॉर्न क्या बजाया भड़क गए स्कूटी सवार, पीछा करके कर दिया अटैक, कार भी तोड़ डाली

महिला ने हॉर्न क्या बजाया भड़क गए स्कूटी सवार, पीछा करके कर दिया अटैक, कार भी तोड़ डाली

कार ड्राईवर के हॉर्न बजाने से नाराज स्कूटी सवारों ने कार रोककर मारपीट की। इस दौरान महिला की आंख में भी चोट लग गई। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pune Women Attack- India TV Hindi
Image Source : RPOERTER INPUT रोड रेज में घायल महिला

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में सड़क पर हुए एक मामूली हॉर्न विवाद ने भयावह रूप ले लिया। रावेत की इस घटना में एक महिला की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम के समय हुई जब मुंबई से पुणे आई महिला अपने साथी के साथ कार से यात्रा कर रही थी। रावेत इलाके में एक स्कूटर सवार युवकों ने कार को लापरवाही से ओवरटेक किया, जिस पर कार चालक ने हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर स्कूटर सवार भड़क गए और उन्होंने कार को रोककर विवाद शुरू कर दिया।

महिला की आंख में लगी गंभीर चोट

विवाद के दौरान आरोपियों ने पत्थर और कठोर वस्तुओं से कार के शीशे तोड़ दिए। टूटे हुए कांच के टुकड़े महिला के चेहरे पर लगे, जिससे उनकी आंख को गंभीर चोट पहुंची। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आंख की सर्जरी करनी पड़ी। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी दृष्टि को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ट्रैफिक पुलिस ने नहीं की मदद

पीड़िता पूजा गुप्ता का आरोप है कि यह पूरी घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई और उस समय ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना 6 दिसंबर शाम की बताई जा रही है। घटना के बाद के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पीड़ित महिला की आंख में पट्टी बंधी नजर आ रही है। वह महिला रोते हुए कह रही है कि अगर उसकी आंख पूरी तरह से चली गई तो क्या होगा। वीडियो में तीनों आरोपी भी नजर आ रहे हैं और महिला का इलाज कराने की बात कह रहे हैं। हालांकि, आरोपी अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं और पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

(पुणे से समीर शेख की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

लोन रिकवरी एजेंट को जिंदा जलाया, बोरे में बांधकर कार में डाला, फिर लगा दी आग; लातूर में रूह कंपा देने वाली वारदात

कांग्रेस नेत्री नीरजा आंबेकर की कैसे हुई थी हत्या? तीन साल बाद हुआ सनसनीखेज खुलासा; पति समेत 4 गिरफ्तार