महाराष्ट्र के पुणे जिले के चाकण शहर से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां के आंबेठाण चौक इलाके में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने एक 32 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नांदेड़ जिले के देगलूर की रहने वाली थीं और फिलहाल चाकण इलाके में रह रही थीं।
यह घटना सोमवार, 16 मार्च की रात करीब दो बजे की है। शोभा आंबेठाण चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड से जा रही थीं, तभी अचानक करीब छह आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
15 मिनट के अंदर हुई मौत
फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला ने जमीन से पत्थर उठाकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों के हिंसक झुंड के आगे उनकी एक न चली। कुत्तों ने उनके हाथ, पैर, चेहरे और गर्दन पर इतने गहरे घाव किए कि अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण महज 15 मिनट के भीतर उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब स्थानीय लोगों को सड़क पर महिला का शव मिला, तो इलाके में सनसनी फैल गई।
सीसीटीवी जांच से हुआ खुलासा
शव की स्थिति को देखते हुए शुरुआत में हत्या या यौन उत्पीड़न का संदेह जताया जा रहा था। हालांकि, जब पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की तो साफ हो गया कि यह मौत आवारा कुत्तों के हमले के कारण हुई है। इस घटना के बाद चाकण और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर चर्चा में आ गया है। नागरिकों के बीच भारी डर का माहौल है स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल ठोस कदम उठाने और उचित उपाय करने की मांग की है।
(पुणे से समीर शेख की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
मुंबई: अस्पताल के ICU में चूहों ने कुतरा बुजुर्ग महिला का हाथ, हुई मौत; डॉक्टर-नर्स भी नहीं जान पाए
गैस किल्लत की खबरों का फायदा उठा रहे साइबर ठग, मुंबई में 11 से ज्यादा FIR दर्ज, पुलिस ने लोगों को सतर्क किया