1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के लातूर में मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ ने कर ली आत्महत्या, जानें कौन थे डॉ. मेहुल राठौड़

महाराष्ट्र के लातूर में मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ ने कर ली आत्महत्या, जानें कौन थे डॉ. मेहुल राठौड़

महाराष्ट्र के लातूर से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के मशहूर हर्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर मेहुल राठौड़ ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस मामले की जांच चल रही है और लोगों से अफवाह से बचने की अपील की है।

डॉक्टर ने किया सुसाइड- India TV Hindi
डॉक्टर ने किया सुसाइड

महाराष्ट्र के लातूर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ और एम.जे. हॉस्पिटल से जुड़े डॉ. मेहुल ईश्वर राठौड़ ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। इस घटना ने पूरे लातूर शहर के साथ-साथ चिकित्सा जगत को भी स्तब्ध कर दिया है। डॉ. राठौड़ की पहचान एक अनुभवी और लोकप्रिय कार्डियोलॉजिस्ट के रूप में थी और वे लंबे समय से मरीजों का इलाज कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना लातूर शहर के वन नंबर चौक स्थित एम.जे. हॉस्पिटल परिसर में सामने आई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या किन परिस्थितियों में की गई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

कौन थे डॉक्टर राठौड़

डॉ. मेहुल राठौड़ लातूर के चिकित्सा क्षेत्र का एक जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने हृदय रोग से पीड़ित हजारों मरीजों का इलाज किया था और अपनी सेवाओं के कारण समाज में एक अलग पहचान बनाई थी। उनके अचानक इस तरह दुनिया छोड़ जाने की खबर से मरीजों, सहयोगी डॉक्टरों और शहरवासियों में गहरा शोक है। बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और घटना पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से की है अपील

फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आत्महत्या के कारणों को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी साझा न करें। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और तनाव जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता को सामने ला दिया है। हालांकि, इस मामले में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, इसलिए किसी भी प्रकार का अनुमान लगाना उचित नहीं होगा। फिलहाल पूरे लातूर शहर की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं और सभी लोग इस दुखद घटना के कारणों का इंतजार कर रहे हैं।

(लातूर से आसिफ पटेल की खबर)

ये भी पढ़ें:

नागपुर रेलवे स्टेशन पर युवक ने किया हंगामा, मालगाड़ी पर चढ़कर पकड़ लिया बिजली का तार, बुरी तरह झुलसा