1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सैफ पर हमले के पीछे चोरी ही एकमात्र मकसद या अंडरवर्ल्ड का हाथ? महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री ने दिया बड़ा अपडेट

सैफ पर हमले के पीछे चोरी ही एकमात्र मकसद या अंडरवर्ल्ड का हाथ? महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री ने दिया बड़ा अपडेट

सैफ अली खान पर हमले के बाद महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है। विपक्ष के आरोपों पर महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि सैफ अली खान को कोई खतरा नहीं था। उन्होंने कभी सुरक्षा की मांग भी नहीं की।

yogesh kadam and saif ali khan- India TV Hindi
Image Source : PTI महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम और सैफ अली खान

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित अपार्टमेंट में हुए हमले को लेकर महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शुक्रवार को कहा कि इसके पीछे एकमात्र मकसद चोरी था। उन्होंने किसी अन्य पहलू से इनकार किया है। मंत्री योगेश कदम ने कहा कि सैफ अली खान को कोई खतरा नहीं था। उन्होंने कभी सुरक्षा की मांग भी नहीं की। उन्होंने कहा कि हमले में किसी अंडरवर्ल्ड के गैंग का हाथ नहीं है।  

54 वर्षीय सैफ अली खान पर गुरुवार की सुबह बांद्रा में उनके 12वीं मंजिल स्थित फ्लैट में एक व्यक्ति ने चाकू से कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्टर पर गर्दन सहित कई जगहों पर चाकू से वार किया गया, जिसके बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई।

हमले के पीछे चोरी ही एकमात्र मकसद- मंत्री

पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसका चेहरा संदिग्ध हमलावर से मिलता है, जिसकी तस्वीर बिल्डिंग से भागते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हमले में किसी आपराधिक गिरोह की संलिप्तता के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसे किसी भी पहलू से इनकार किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक घटना के पीछे चोरी ही एकमात्र मकसद प्रतीत होता है। कदम ने बताया, "मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे व्यक्ति से मिलता-जुलता है। पुलिस एक और व्यक्ति पर नजर रख रही है।"

मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने क्या कहा?

घटना के बाद कांग्रेस, राकांपा (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि खान पर हमले से पता चलता है कि राज्य में फिल्मी हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (जिनके पास गृह विभाग भी है) कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं। इस पर महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सैफ अली खान पर चाकू से किए गए हमले पर राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई की।

'मुंबई सबसे सुरक्षित शहर'

उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेती है तथा मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार और पुलिस ने हमले का संज्ञान लिया है तथा त्वरित कार्रवाई की। प्रदेश भाजपा प्रमुख बावनकुले ने कहा, ‘‘हमने देखा है कि अंबानी जी के आवास (उद्योगपति मुकेश अंबानी के एंटीलिया) के पास हुई घटना पर तत्कालीन सरकार का क्या रुख रहा था। हम इन घटनाओं की तुलना नहीं करना चाहते। लेकिन मुंबई एक सुरक्षित जगह है और देश का सबसे सुरक्षित शहर है। मुंबई और महाराष्ट्र पुलिस सतर्क है और यह महत्वपूर्ण है कि ऐसी घटनाएं होने पर उनका क्या रुख रहता है। हमारे गृह मंत्री उचित कार्रवाई कर रहे हैं।" (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

सैफ के घर में घुसे हमलावर की नई तस्वीर आई सामने, रात 1.38 पर सीढ़ियों से चढ़ता हुआ दिखा

इब्राहिम नहीं, 8 साल के मासूम तैमूर संग अस्पताल पहुंचे थे खून से लथपथ सैफ, डॉक्टर ने बताई कैसी थी हालत