अहिल्यानगर: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई है। वहीं हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 50 बच्चे सवार थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। वहीं इस घटना में 10-15 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद छात्रों को किसी तरह से बस से बाहर निकाला गया। वहीं आनन-फानन में घायल छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस में 50 बच्चे थे सवार
ये पूरी घटना अहिल्यानगर के राहुरी इलाके की बताई जा रही है। यहां कोंढवड गांव के पास बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। इनमें से 10-15 छात्र घायल हो गए हैं और एक की हालत गंभीर है। राहत की बात ये है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर राहत एवं बचाव का कार्य शुरू किया। किसी तरह से घायल छात्रों को बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल घायल बच्चों का इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा रहा है कि बस बुरी तरह से सड़क के किनारे पलटी हुई है। वहीं कुछ लोग आस-पास देखे भी जा सकते हैं। हालांकि अभी यह जांच की जा रही है कि आखिर यह हादसा हुआ कैसे। वहीं घटना के बाद से अभिभावकों में भी चिंता देखी जा रही है।
दिल्ली में तीन लोगों की मौत
इससे पहले दिल्ली में हुए एक अन्य हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक टेम्पो फ्लाईओवर के खंभे से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके के अलीपुर में बकोली बस स्टैंड के पास हुआ। जिस समय हादसा हुआ तब गाड़ी मुकरबा चौक की ओर जा रही थी। मृतकों की पहचान जगदीश सिंह (50), यशवंत सिंह (27) और सुमित (27) के तौर पर हुई है। तीनों दिल्ली के ही रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें-
सास की संपत्ति हड़पना चाहता था दामाद, साले को जेल भिजवाने के लिए रची लूट की साजिश; हुआ पर्दाफाश