मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी थाना क्षेत्र में दर्ज लूटकांड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में कांटी के नितेश चौबे को देवघर से गिरफ्तार किया गया है। नितेश ने अपने साले को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने और बाद में उसकी सास की संपत्ति हड़पने की नीयत से पूरी साजिश रची थी। इतना ही नहीं साले को केस में फसाने के लिए घटनास्थल पर उसका वोटर आई कार्ड भी गिरा दिया गया था, ताकि उसका साला लूट में गिरफ्तार हो सके। घटना का मामला दर्ज कर पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
लूट की झूठी साजिश रची
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कांटी निवासी नितेश चौबे को झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने मित्र मनीष कुमार को विश्वास में लेकर अपनी सास का मतदाता पहचान पत्र और दो पुराने खाता संबंधी दस्तावेज रास्ते में गिरवा दिए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर लूट की झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी का उद्देश्य अपने साले धर्मेश कुमार को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजना और बाद में उसे छुड़ाने के बहाने सास की संपत्ति पर कब्जा करना था। मामले का खुलासा होने के बाद कांटी थाना में मामला दर्ज कर नितेश चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि 25 जून की रात कांटी इलाके में लूट की घटना के संबंध में मनीष कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी सूचना संकलन के आधार पर घटना में शामिल आरोपी नितेश चौबे को देवघर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि उसने अपने साले धर्मेश कुमार को झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवाने तथा बाद में उसे छुड़ाने के बहाने सास की भूमि हड़पने की नीयत से उनका मतदाता पहचान पत्र एवं दो पुराने खोखे अपने मित्र मनीष कुमार को विश्वास में लेकर रास्ते में फिकवा दिया था। पुलिस का कहना है कि इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपी के पूर्व का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। (इनपुट- संजीव कुमार)
यह भी पढ़ें-
सोनम-सिया के बाद आगरा की रूबी! पति को मारकर बाथरूम में टाइल्स के नीचे दफनाया, 45 दिन बाद मिला कंकाल