1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनम-सिया के बाद आगरा की रूबी! पति को मारकर बाथरूम में टाइल्स के नीचे दफनाया, 45 दिन बाद मिला कंकाल

सोनम-सिया के बाद आगरा की रूबी! पति को मारकर बाथरूम में टाइल्स के नीचे दफनाया, 45 दिन बाद मिला कंकाल

 Published : Jul 03, 2026 08:45 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 08:45 pm IST

आगरा में 45 दिन से लापता हुए सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी का रहस्य अंततः उजागर हो गया है। पुलिस ने सुरेंद्र का कंकाल उसके ही घर की बाथरूम में टाइल्स के नीचे से बरामद किया, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई।

आगरा में बाथरूम में...- India TV Hindi
आगरा में बाथरूम में पति का शव दफनाने का मामला आया सामने। Image Source : REPORTER INPUT

आगरा: सोनम, सिया के बाद अब आगरा की रूबी ने भी अपने पति की हत्या कर अपने ही घर के बाथरूम में दफना दिया। इस घटना को छुपाने के लिए उसने उस पर टाइल्स भी लगवा दी और फिर 45 दिन तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस वेरिफिकेशन करने पहुंची, तो रूबी घबरा गई। पुलिस ने जब पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना का खुलासा होने के बाद बड़ी संख्या में इलाके के लोग मौके पर पहुंच गए। सनसनीखेज वारदात से कॉलोनी के लोग हैरत में हैं। 

45 दिन बाद खुला राज

मामला थाना सिकंदरा के प्राक्षी टावर चौकी क्षेत्र का है। मूलरूप से भरतपुर के रंजीत नगर के रहने वाले 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा सिकंदरा में दहतोरा के रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। घर में उनकी पत्नी रूबी, मां कमला और 2 बेटियां भी साथ रहती थीं। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। वारदात वाले दिन रूबी ने बड़ी ही सोची-समझी साजिश के तहत दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया था। इसके बाद उसने रात के खाने में सुरेंद्र के लिए विशेष रूप से खीर बनाई और उसमें भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं

खीर खाने का बाद बेहोश हुआ सुरेंद्र

खीर खाने के बाद जब सुरेंद्र बेहोश हो गया तो रूबी ने उसकी हत्या कर दी। अगली सुबह उसने सबूत छिपाने के उद्देश्य से पति के शव को घर के अंदर बने बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रूबी सामान्य रूप से रहने लगी। वह घरवालों और आसपास के लोगों से भी लगातार पति के लापता होने की बात कहती रही। इस बारे में 26 मई को रूबी ने ही गुमशुदगी दर्ज कराई थी।  

पति को अपने ही घर के बाथरूम में दफनाया।
Image Source : REPORTER INPUTपति को अपने ही घर के बाथरूम में दफनाया।

पुलिस आई तो घबरा गई पत्नी

शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले में सत्यापन और पूछताछ के लिए जब घर पहुंची, तो रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। वहीं, सुरेंद्र के भाई ने भी पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन जांच कराई। इस दौरान पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ।

बाथरूम खोदकर निकाला कंकाल

इसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से प्लास्टर और टाइल्स लगवा दी गई थीं, जिससे किसी को शक न हो।

पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही रूबी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- अंकुर कुमाड़िया)

यह भी पढ़ें-

केतन हत्याकांड के मिले सबूत, 'कोड वर्ड और निकनेम', फोन पर कैसे बात करते थे सिया और चेतन?

होटल में संदिग्ध हालत में मिली 26 साल की रेणुका की लाश, फारूक के साथ बुक किया था रूम, जानें पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।