1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. ‘नशा मुक्त पंजाब का वादा करते हैं, हमने जो कहा वो करके दिखाएंगे’, जालंधर की रैली में बोले गृह मंत्री अमित शाह

‘नशा मुक्त पंजाब का वादा करते हैं, हमने जो कहा वो करके दिखाएंगे’, जालंधर की रैली में बोले गृह मंत्री अमित शाह

 Reported By: Puneet Pareenja,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 30, 2026 03:04 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 05:01 pm IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का ऐलान कर दिया है। शाह ने ये भी कहा कि बीजेपी केवल और केवल नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने वाली है।

जालंधर की रैली में...- India TV Hindi
जालंधर की रैली में अमित शाह ने नशा मुक्त पंजाब का वादा किया। Image Source : ANI

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज (बुधवार को) पंजाब के जालंधर में रैली की। यहां अमित शाह ने मंच पर आने से पहले नशा पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इसके साथ ही, मंच से संबोधन के दौरान वादा किया कि पंजाब को नशा मुक्त करेंगे। अमित शाह ने कहा कि पंजाब देश में दो चीजों के लिए अच्छे जाना जाता है, एक देश में अनाज, जब भी जरूरत पड़ी पंजाब के किसान आगे आए, दूसरा पंजाब के जवान, हमेशा देश की सुरक्षा के लिए आगे आए। अमित शाह ने ये भी कहा कि आने वाला चुनाव बीजेपी केवल और केवल नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ने वाली है।

नशा मुक्त पंजाब के लिए दी 31 दिसंबर 2029 की डेडलाइन

अमित शाह बोले कि मैं वादा करता हूं कि हमारी सरकार बनाइए, 31 दिसंबर 2029  तक पंजाब को चिट्टा मुक्त कर देंगे। आज नशा मुक्त पंजाब बनाने का समय क्यों आया क्योंकि आप सरकार ने चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया। मैं पंजाब की जनता को बताना चाहता हूं कि हमने जो कहा वो करके दिखाया है। बीजेपी ने नक्सलवाद खत्म किया। कश्मीर में आतंकवाद खत्म किया। और अब बारी है चिट्टा मुक्त पंजाब की। मैं ये वादा करता हूं कि 31 दिसंबर 2029 के बाद चिट्टा बेचने वाला कोई नहीं बचेगा। जो नशे में धुत होकर गुरुओं का अपमान करे, वो पंजाब को नशे से मुक्त नहीं कर सकता और हमने देश भर में नशा मुक्त अभियान चलाया है।

अमित शाह ने सीएम मान से मांगा वादों का हिसाब

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा कि पंजाब में निकम्मी सरकार को हटा दो, 2 साल में इसे नशा मुक्त कर देंगे। ये नशा हमारी आने वाली पीढ़ियों को बर्बाद कर रहा है। मैं भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि आपके वादों का क्या हुआ, आप तो 25 लाख युवाओं को नौकरी देने वाले थे। सभी फसलों पर MSP देने वाले थे, आपने तो नहीं दिया लेकिन हरियाणा ने देकर दिखाया।

बीजेपी को केवल और केवल नशा मुक्त पंजाब के लिए वोट देना

अमित शाह बोले कि हम किसानों की समस्या का समाधान करेंगे। हम पंजाब की वित्तीय हालात को ठीक भी करेंगे। युवाओं को रोजगार देंगे। बीजेपी को पंजाब में वोट देना है। आप केवल और केवल नशामुक्त पंजाब के लिए वोट देना। जान लें कि अमित शाह ने बीते 23 सितंबर को भी एक भाषण में नारकोटिक्स के खिलाफ निर्णायक जंग का जिक्र किया था और कहा था कि 31 दिसंबर 2029 तक ड्रग के कारोबार को खत्म कर देंगे।

ये भी पढ़ें- पंजाब में बॉर्डर इलाकों में हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ड्रग्स के साथ 2 लोग गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।