1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कार में मिला लापता डॉक्टर का शव, बॉडी पर चोट का कोई निशान नहीं; उलझी मौत की गुत्थी

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कार में मिला लापता डॉक्टर का शव, बॉडी पर चोट का कोई निशान नहीं; उलझी मौत की गुत्थी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 30, 2026 07:47 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 07:47 pm IST

गाजियाबाद में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक कार के अंदर लापता डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृत डॉक्टर के परिजनों ने एक दिन पहले ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Ghaziabad Missing Doctor Found Dead- India TV Hindi
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कार के अंदर से लापता डॉक्टर की लाश बरामद हुई है। Image Source : REPORTERS INPUT

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर आज (बुधवार को) दोपहर एक कार के अंदर डॉक्टर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी मंगल सोसाइटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई है। उनकी उम्र 30 साल थी। वह नंदग्राम थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। परिजनों ने मंगलवार को ही उनके लापता होने की शिकायत नंदग्राम थाने में दर्ज कराई थी।

कार के अंदर लावारिस हालत में मिली डॉक्टर की बॉडी

पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:20 बजे डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार संदिग्ध हालत में खड़ी है और उसके अंदर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची। कार की तलाशी लेने पर उसमें डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज, पुत्र गोपाल स्वरूप, मृत अवस्था में मिले।

डॉक्टर के शरीर नहीं मिला चोट का कोई निशान

प्रारंभिक पुलिस जांच में डॉक्टर के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि ड्रिप के जरिए शरीर में दवा की अधिक मात्रा पहुंचने से उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुरादनगर पुलिस ने नंदग्राम थाना पुलिस और मृतक के परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने भी सबूत जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

बिजनौर भी मिल चुका है पति-पत्नी का शव

इससे पहले, हाल ही में बिजनौर में पत्नी की सलवार पहने पति का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद हुआ था। वहीं, गंगा नदी के किनारे झाड़ियों बीवी की अर्धनग्न लाश मिली थी। इस घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। और फिर पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। ये घटना थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव सदुपुरा के जंगल में हुई थी। जलालपुर काजी गांव के रहने वाले छोटू और उनकी पत्नी सुषमा एक दिन पहले से लापता थे।

(इनपुट- जुबैर अख्तर)

ये भी पढ़ें- पति ने बाहर से बंद किया कमरा, सुबह बिस्तर पर मिली शिवानी की लाश; लव मैरिज के डेढ़ साल बाद दर्दनाक अंत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।