1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. को-पायलट ने पायलट को कर दिया लहूलुहान, तो फिर किसने फ्लाईदुबई की कराई इमरजेंसी लैंडिंग?

को-पायलट ने पायलट को कर दिया लहूलुहान, तो फिर किसने फ्लाईदुबई की कराई इमरजेंसी लैंडिंग?

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 30, 2026 06:27 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 06:27 pm IST

फ्लाईदुबई FZ1073 में कथित पायलटों की हिंसक झड़प के बाद विमान तेजी से नीचे आया। रिपोर्टों के मुताबिक, यात्रियों में मौजूद पायलट और अन्य यात्रियों ने कॉकपिट संभालने में मदद की, जिसके बाद विमान तबुक में सुरक्षित उतरा।

Flydubai Flight FZ1073, Omani Co-Pilot, Emergency Landing- India TV Hindi
फ्लाईदुबई की फ्लाइट को कथित तौर पर क्रैश कराने की कोशिश की गई थी। Image Source : AP REPRESENTATIONAL

Highlights

  • ओमानी को-पायलट पर विमान क्रैश करने की कोशिश का आरोप, भारतीय कप्तान ने संभाला मोर्चा।
  • कॉकपिट में चीखें सुनकर यात्री पहुंचे, चाकू और खून देखकर मचा विमान में हड़कंप।
  • कई यात्री कॉकपिट में पहुंचे और कथित हमलावर को-पायलट को पकड़ने में मदद की।

तेल अवीव: फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में पायलटों के बीच कथित हिंसक झड़प हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने भारतीय मूल के कैप्टन या पायलट पर हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद विमान को क्रैश करने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है। ऐसे में सवाल उठा कि जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच संघर्ष चल रहा था, तब विमान को सुरक्षित जमीन पर किसने उतारा? इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों के बीच मौजूद एक दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों ने मोर्चा संभाला।

को-पायलट पर विमान क्रैश करने की कोशिश का आरोप

Ynet News के मुताबिक, विमान में सवार ओमानी को-पायलट पर आरोप है कि उसने कॉकपिट में हुए विवाद के दौरान विमान को क्रैश करने की कोशिश की। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय मूल के कैप्टन ने उसका विरोध किया। दोनों के बीच संघर्ष हुआ और यात्रियों ने भी कप्तान की मदद की। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान को-पायलट भी घायल हुआ और बाद में दोनों पायलटों को सऊदी अरब में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की असली वजह और क्रम की जांच अभी जारी है।

फिर विमान की कमान किसने संभाली?

Channel 12 और द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में यात्रियों के रूप में यात्रा कर रहे पायलटों की दूसरी टीम ने संकट के वक्त मदद की। ये पायलट सामान्य कपड़ों में विमान में मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर एक पायलट को विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने से रोकने में मदद की। इसके बाद राहत देने वाले एक पायलट को भी कॉकपिट में बुलाया गया और यात्रियों ने मिलकर कथित हमलावर को काबू करने में मदद की।

चीखें सुनकर कॉकपिट की ओर दौड़े यात्री

Ynet के मुताबिक, यात्रियों ने कॉकपिट में चीखें सुनी थीं। इसके बाद कुछ लोगों ने कॉकपिट का दरवाजा खोला तो वहां खून दिखाई दिया। एक यात्री ने बताया कि एक हमलावर के हाथ में चाकू था और उसने एक पायलट पर हमला किया था। इसके बाद कई यात्री कॉकपिट में पहुंचे और कथित हमलावर को पकड़ने में मदद की। एक अन्य यात्री के मुताबिक, चीखें सुनने के बाद विमान में मौजूद एक राहत पायलट को भी कॉकपिट में बुलाया गया।

भारतीय मूल के कप्तान ने संभाली स्थिति

Channel 12 ने कप्तान की पहचान भारतीय मूल के व्यक्ति के तौर पर की है। Ynet की रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्टन ने कथित तौर पर ओमानी को-पायलट का मुकाबला किया और विमान को क्रैश होने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। रिपोर्टों के अनुसार, एक पायलट गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दूसरे घायल पायलट ने विमान को सुरक्षित उतारने की क्षमता बनाए रखी। बाद में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। (ANI और इजरायली मीडिया के इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: ओमान के पायलट ने की थी प्लेन हाइजैक की कोशिश? इजरायल की तरफ से आया सनसनीखेज बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।