झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा का शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और उसके पति यश ठाकुर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा।
पति ने बाहर से बंद किया कमरा
बताया जा रहा है कि बैग लेने के बाद यश ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया। सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कुंडी लगी हुई थी। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सुबह करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोली तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी मिली। परिजनों का कहना है कि काफी आवाज देने के बाद भी शिवानी नहीं उठी। उसके हाथ अकड़े हुए थे और मुंह से खून निकल रहा था।
आनन-फानन में परिजन शिवानी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

2-3 महीने से मायके में रह रही थी शिवानी
परिजनों ने शिवानी के पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहता था और यश पर शिवानी के साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाए गए हैं। इसी वजह से शिवानी पिछले 2-3 महीने से झांसी में अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी।
सोशल मीडिया से जान-पहचान, फिर की लव मैरिज
बताया गया है कि शिवानी और यश की करीब डेढ़ से दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों ने लव मैरिज की थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, 26 अगस्त को यश शिवानी को ग्वालियर ले गया था, जहां उसने राखी बांधी थी। इसके बाद 28 अगस्त को दोनों वापस झांसी आए थे। शिवानी मूल रूप से इंदरगढ़ क्षेत्र के राजा का बाप गांव की रहने वाली थी, जबकि यश ग्वालियर का निवासी बताया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
मेडिकल कॉलेज में सूचना पर सीओ सिटी रामवीर सिंह और सीपरी बाजार थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस फरार पति यश ठाकुर की तलाश कर रही है। महिला की मौत हत्या है, आत्महत्या या फिर कोई अन्य वजह इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार में रहने वाले दंपति के बीच रात के समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया था और पति वहां से चला गया था। सुबह के वक्त पत्नी का शव उसके कमरे से मिला है। महिला के परिजनों द्वारा तहरीर दी गई है, जिस पर पति पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, कानपुर में बदले की आग में रिश्ते तार-तार हो गए। यहां भाई के अपमान का बदला लेने पहुंचे देवर ने भाभी की छोटी बहन को गोली मार दी।
(रिपोर्ट- आकाश राठौड़)
यह भी पढ़ें-
शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, तभी आ गया पति, युवक की लाठी-डंडों से पीटकर कर दी हत्या
ग्रहशांति पूजा के नाम पर घर में घुसे महाराज… पति को बाहर भेजकर विवाहिता से दुष्कर्म कर डाला!