मुजफ्फरनगर: लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के मंचों से गायब नजर आ रहे पूर्व सांसद राजपाल सैनी आज सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। समर्थकों के साथ वह लखनऊ पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि वह आज अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। जिलाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की है।
मीरापुर से टिकट के हैं दावेदार
राजपाल सैनी को मीरापुर विधानसभा सीट पर टिकट का दावेदार माना जा रहा है। हालांकि पार्टी की तरफ से इस सीट के लिए किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। इससे पहले वह जिले की खतौली सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं।
कई पार्टियों में रह चुके हैं सैनी
पूर्व सांसद राजपाल सैनी पहले भी सपा में रह चुके हैं। साल 2023 में वह राष्ट्रीय लोकदल (RLD) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए थे। इससे पहले वह अगस्त 2021 में बहुजन समाज पार्टी (BSP) छोड़कर समाजवादी पार्टी (SP) में शामिल हुए थे। बाद में सपा-रालोद गठबंधन के तहत उन्होंने 2022 का खतौली विधानसभा चुनाव रालोद के टिकट पर लड़ा था।
गुरुवार को भी सपा ने बीजेपी को दिया था झटका
इससे पहले गुरुवार को मुरादाबाद से भाजपा के पूर्व विधायक राजीव खन्ना समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। उनके साथ भवानी शुक्ला ने भी अपने पांच बेटों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। भवानी शुक्ला के बेटों के नाम श्रीकृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, शंकर भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और राम भगवान शुक्ला है।
भाजपा नेता राजीव चन्ना और मनमोहन सैनी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ले ली थी। चूंकि सभी राजनीतिक दल 2027 के चुनावों की तैयारी में जुट गए हैं, ऐसे में राजीव चन्ना और मनमोहन सैनी का समाजवादी पार्टी में शामिल होना मुरादाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों के नज़रिए से देखा जा रहा है। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने अभी तक इस सीट के लिए किसी आधिकारिक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
रिपोर्ट- योगेश त्यागी
ये भी पढ़ेंः IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने बनाई नई पार्टी, 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान