Highlights
- नेपाल के CCTV में आदिल के साथ साइकिल रिक्शे पर दिखी 25 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे।
- श्रद्धा का दावा- शिवा ने बालकनी से लगाई थी छलांग, उस पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था।
- शिवा की मौत के मामले में फरार श्रद्धा ने कहा- पुलिस को सौंपा फोन, कॉल डिटेल्स से खुल सकते हैं राज।
लखनऊ: शिवा शर्मा की मौत के मामले में 25 हजार रुपये की इनामी आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एक नए सीसीटीवी फुटेज में श्रद्धा दुबे अपने सहयोगी आदिल के साथ साइकिल रिक्शे पर नजर आने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों रिक्शे से नेपाल में दाखिल हुए। लखनऊ पुलिस श्रद्धा की तलाश कर रही है। इस बीच श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर शिवा शर्मा की मौत को आत्महत्या बताया है।
नेपाल से सामने आया CCTV फुटेज
शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही श्रद्धा दुबे के नेपाल पहुंचने की खबर ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। बता दें कि इसके पहले नेपाल से एक और वीडियो सामने आया था जिसमें श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के दिखाई देने की बात कही जा रही है। तीनों के ई-रिक्शे पर सवार होने की तस्वीरें सामने आई हैं। नेपाल से कथित CCTV फुटेज सामने आने के बीच श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी किया है। इसमें उसने कहा,
'मैं श्रद्धा दुबे हूं, जिसका नाम शिवा की हत्या के मामले में बार-बार लिया जा रहा है। मेरा उस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। वह हत्या नहीं, आत्महत्या थी। मैंने अपनी आंखों से उसे बालकनी से कूदते देखा था।'
श्रद्धा का दावा है कि शिवा आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और उस पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था।
देखें नेपाल में दाखिल होते हुए वीडियो:
7 तारीख की रात क्या हुआ था?
श्रद्धा के मुताबिक, घटना से पहले करीब पांच से छह दिनों तक उसकी शिवा शर्मा से बातचीत नहीं हुई थी। 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला के मुख्य चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान के जरिए उसके ड्राइवर से संपर्क किया था। श्रद्धा का कहना है कि उस समय शिवा फोन पर काफी रो रहा था। इसके बाद उसने अपने नंबर से शिवा को दो बार फोन किया, लेकिन दोनों बार उसकी कॉल नहीं उठाई गई।

रात दो बजे आया शिवा का फोन
श्रद्धा ने बताया कि रात करीब दो बजे शिवा का फोन आया। बातचीत के बाद शिवा अपनी BMW कार से उससे मिलने पहुंचा। इसके बाद दोनों पैडलर्स कैफे गए। श्रद्धा के मुताबिक, वहां शिवा ने उसके लिए माचा और अपने ड्राइवर के लिए जूस मंगवाया था। उसने दावा किया कि शिवा ने शराब पी रखी थी। बाद में दोनों घर पहुंचे। श्रद्धा का कहना है कि उस समय शिवा उसकी गाड़ी चला रहा था, जबकि उसका ड्राइवर शिवा की गाड़ी चला रहा था।
बहन और शिवा के दोस्तों को लेकर भी किया दावा
श्रद्धा ने अपने वीडियो में बहन का भी जिक्र किया। उसने बताया कि 8 तारीख को उसकी बहन पूजा से जुड़ी बातचीत के लिए उसके घर आई थी। श्रद्धा के अनुसार, उसकी बहन का शिवा से बहुत कम परिचय था और इस मामले से उसका कोई संबंध नहीं है। उसने यह भी दावा किया कि उसी दिन शिवा के कुछ दोस्त उसके घर आए थे। इनमें अश्विनी मिश्रा और हर्ष नाम के व्यक्ति शामिल थे।
'...तो दोस्तों ने पुलिस को क्यों नहीं बताया?'
श्रद्धा ने सवाल उठाया कि अगर शिवा शर्मा को प्रताड़ित किया जा रहा था, तो उसके दोस्तों ने पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। उसने बताया कि शिवा से उसकी मुलाकात करीब चार महीने पहले हुई थी और पिछले दो महीनों से दोनों रिलेशनशिप में थे। श्रद्धा ने शिवा की मां की ओर से लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर किए गए दावों का भी जिक्र किया। उसका कहना है कि दोनों के साथ रहने की अवधि और परिस्थितियों के बारे में कही जा रही बातें सही नहीं हैं।
शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये के कर्ज का दावा
श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा पर करीब 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था। उसके मुताबिक, जब भी शिवा दोस्तों या उसके साथ बैठता था, कर्ज देने वालों के फोन आते थे। श्रद्धा का कहना है कि शिवा कई बार कर्ज नहीं चुका पाने की स्थिति में आत्महत्या करने की बात कह चुका था। उसने बताया कि उस समय उसने शिवा की इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया था। हालांकि, कर्ज और आत्महत्या के बीच संबंध होने के उसके दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्क्रीनशॉट शेयर करने की बात कही
श्रद्धा ने कहा कि उसके पास कुछ स्क्रीनशॉट हैं, जिन्हें वह आगे साझा करेगी। उसने दावा किया कि शिवा का फोन पुलिस को सौंप दिया गया है। उसके मुताबिक, फोन की कॉल डिटेल्स से कर्ज देने वालों के फोन आने से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है। इससे पहले भी श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरेंडर करने की बात कही थी। उस वीडियो में उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी थी। अब नए वीडियो में उसने शिवा शर्मा की मौत को आत्महत्या बताया है।
ये भी पढे़ं: लखनऊ के शिवा शर्मा की मौत मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने जारी किया अपना VIDEO, सरेंडर के लिए तैयार, दी सफाई