लखनऊ: यूपी के लखनऊ में हुई युवा कारोबारी शिवा शर्मा की मौत मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। इस मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर कहा है कि उनका नाम किसी के साथ नहीं जोड़ा जाए। उन्होंने ये भी कहा कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, उसने सुसाइड किया था।
श्रद्धा दुबे ने ये भी कहा है कि वह पुलिस के सामने आकर सच-सच बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि वह प्रशासन से मिलकर खुद सरेंडर करना चाहती हैं। गौरतलब है कि श्रद्धा और अन्य आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम रखा है। शिवा शर्मा की मौत के बाद से ये आरोपी फरार चल रहे हैं। शिवा की मां ने FIR में अपने बेटे की हत्या की बात कही है और इसके आरोप मॉडल श्रद्धा दुबे और अन्य पर लगाए हैं।
श्रद्धा दुबे ने वीडियो में क्या कहा?
मॉडल श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर कहा, "मेरा मीडिया वालों से निवेदन है कि प्लीज मेरा नाम ऐसे मत उछालिए। आप हर किसी के साथ मेरा नाम मत जोड़िए। आप लोगों ने कई नेताओं और अधिकारियों के साथ मेरा बेवजह नाम जोड़ा है। अगर मेरे इंस्टाग्राम पर कोई ऐड है तो आप मेरे बारे में ऐसी अफवाह मत फैलाइए। मेरा किसी से कोई कनेक्शन नहीं है। मैं किसी को नहीं जानती हूं।"
मॉडल श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर कहा, "मैं कहीं गायब नहीं हूं और पुलिस के पास जाकर बयान देना चाहती हूं। मैं पुलिस को सब कुछ सच-सच बताना चाहती हूं। किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी बोलने से पहले 100 बार सोचिए। मेरा क्या गुनाह है? मैंने कुछ नहीं किया है। शिवा शर्मा की कोई हत्या नहीं हुई थी, वो सुसाइड था। वो मैं आप लोगों से बताने वाली थी। लेकिन मेरी कंडीशन देखिए, मैं इस समय बिल्कुल भी फिजिकली फिट नहीं हूं। मेरा आपसे निवेदन है कि किसी भी बड़े अधिकारी या नेताओं से मेरा नाम मत जोड़िए।"
मैं सरेंडर करना चाहती हूं: श्रद्धा दुबे
श्रद्धा दुबे ने एक और वीडियो जारी कर कहा, "मैं कहीं भागी हुई नहीं हूं। मैं सारी बातें आकर बताना चाहती हूं। कोई मर्डर नहीं था, वो सुसाइड था। ये सब जानते हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आ जाएगा। मैं खुद प्रशासन से मिलकर सरेंडर करना चाहती हूं। मैं भागी नहीं हूं। मेरी हालत नहीं थी कि मैं किसी को फेस कर सकूं। मैं खुद बहुत ज्यादा फिजिकली डिसटर्ब थी। मेरी तबीयत बिल्कुल ठीक नहीं थी बीते कुछ दिनों से। किसी के घर से कोई कूदकर सुसाइड कर लेगा तो किसी की क्या हालत होगी, आप खुद समझ सकते हैं।"
ये भी पढ़ें-