1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में कसारी-मसारी की जिस जमीन पर कभी था माफिया अतीक का कब्जा, वहां अब आम जनता के लिए बनेंगे फ्लैट; CM योगी खुद करेंगे भूमि पूजन

प्रयागराज में कसारी-मसारी की जिस जमीन पर कभी था माफिया अतीक का कब्जा, वहां अब आम जनता के लिए बनेंगे फ्लैट; CM योगी खुद करेंगे भूमि पूजन

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 14, 2026 08:42 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:44 pm IST

सीएम योगी, माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों से खाली कराई गई जमीन पर प्रयागराज के कसारी-मसारी में 602 फ्लैट्स के प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही, पीएम आवास के तहत बने 556 फ्लैट्स की चाबियां भी लाभार्थियों को सौंपी जाएंगी।

सीएम योगी प्रयागराज...- India TV Hindi
सीएम योगी प्रयागराज में आवासीय प्रोजेक्ट 'पद्म लोक अपार्टमेंट' का भूमिपूजन करेंगे। Image Source : PTI (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी गुरुवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी इलाके में माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों के कब्जे से आजाद कराई गई सरकारी जमीन पर प्रस्तावित आवासीय प्रोजेक्ट 'पद्म लोक अपार्टमेंट' का भूमिपूजन करेंगे। इस प्रोजेक्ट तहत 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 556 लाभार्थियों को आवासों की चाबी भी सौंपेंगे। साथ ही, कई अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।

कसारी-मसारी में बनेंगे 602 2-BHK फ्लैट

प्रयागराज विकास प्राधिकरण यानी PVA के सेक्रेटरी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि कसारी-मसारी क्षेत्र में करीब 9,811.35 वर्ग मीटर जमीन पर 14 मंजिला पद्म लोक अपार्टमेंट बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में दो बेडरूम, हॉल और किचन यानी 2-BHK वाले कुल 602 फ्लैट बनाए जाएंगे और हर फ्लैट का एरिया 56.45 वर्ग मीटर होगा। उन्होंने आगे बताया कि प्रोजेक्ट में पार्किंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर एनर्जी सिस्टम जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा, पद्म लोक अपार्टमेंट में स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और व्यावसायिक परिसर का निर्माण भी किया जाएगा।

556 फ्लैट्स की चाबियां भी सौंपेंगे CM योगी

PVA के सचिव के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद्म लोक अपार्टमेंट के भूमि पूजन के बाद पीपलगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए गए 556 फ्लैट्स के लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे। अप्रैल, 2025 में लॉटरी के माध्यम से प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने इन आवासों के लाभार्थियों का चुनाव किया था। अफसरों ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री तेलियरगंज चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के मेंबर महाशय मसुरिया दीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान, सीएम योगी उनके परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।

प्रमुख सामाजिक चिंतकों में से एक थे महाशय मसुरिया दीन पासी

बता दें कि महाशय मसुरिया दीन पासी स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ राजनेता और दलित समाज के प्रमुख सामाजिक चिंतकों में शामिल थे। उन्होंने खास तौर से पासी समाज में एजुकेशन के प्रचार-प्रसार के लिए काम किया था। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी गवर्नमेंट प्रेस मैदान में आयोजित इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र के मतदाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसमें संबंधित क्षेत्र के 10 जिलों के शिक्षक और स्नातक वोटर्स के शामिल होने की संभावना है। यह सम्मेलन शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में BJP के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।

इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे सीएम योगी

अफसरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आवासीय प्रोजेक्ट के भूमिपूजन, आवासों के वितरण, महाशय मसुरिया दीन पासी की प्रतिमा के अनावरण और मतदाता सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। इससे पहले, वाराणसी के शिक्षक-स्नातक सम्मेलन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार में सैफई सिंडिकेट के बाहर किसी को नौकरी नहीं मिलती थी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 'ऐसे करते रहे तो जो कुछ भी बचा है, वह भी गंवाना पड़ेगा', कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।