1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ममता बनर्जी पर चाकू से हमले के आरोपों को कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने खारिज किया, बोले- "इस बात में कोई सच्चाई नहीं"

ममता बनर्जी पर चाकू से हमले के आरोपों को कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने खारिज किया, बोले- "इस बात में कोई सच्चाई नहीं"

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 14, 2026 08:18 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:41 pm IST

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी से जुड़ी बड़ी खबर है। दरअसल मंगलवार को ये आरोप लगे थे कि एक महिला ने ममता पर चाकू से हमला करने की कोशिश की लेकिन अब कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

Mamata Banerjee- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी Image Source : PTI/FILE

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी पर चाकू से हमले के आरोपों को कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) ने आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी के ऊपर एक नशे की आदी महिला द्वारा चाकू से हमला करने की कोशिश की गई।

कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने क्या कहा?

कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को ममता पर हमले के आरोपों को खारिज कर दिया। दरअसल तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) ने ये आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी पर दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जाते समय उनके आवास के बाहर एक महिला ने हमला किया। 

कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने साफ कहा, "इस शिकायत में कोई दम या सच्चाई नहीं है। मंगलवार की हुई इस घटना के सिलसिले में एक निकाय स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर एक साल से ड्यूटी से गैर-हाजिर थी। यह कोई हमला नहीं था। वह उनसे (ममता) मिलने गई थी, लेकिन समर्थकों को कुछ और ही लगा।"

अजय कुमार नंद ने कहा, "आरोपी महिला ममता बनर्जी को जानती थी और उसके पिता भी उन्हें जानते थे। महिला को गिरफ्तार किया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा और उसके बाद पूरा मामला समझ में आया। शिकायत में कोई दम या सच्चाई नहीं है।"

किसने दर्ज करवाई थी शिकायत?

ममता पर हमले की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। ये शिकायत तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि जब ममता बनर्जी अपने कालीघाट आवास के पास मिलन संघ में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जा रही थीं तो एक महिला द्वारा उन पर चाकू से हमले की कोशिश हुई।

डोला सेन ने अपनी शिकायत में ये भी कहा था कि महिला बहुत आक्रामत तरीके से ममता बनर्जी की ओर बढ़ी थी। 

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की सियासत एक दम बदली हुई है। एक तरफ राज्य में सत्ता बदलाव हुआ है और बीजेपी सत्ता में आ गई है, वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी लगातार मुश्किलों का सामना कर रही हैं। एक तरफ उनकी पार्टी के ही नेताओं ने उनसे बगावत की, वहीं दूसरी तरफ उनके हाथ से सत्ता भी गई। ये ममता के लिए कठिन दौर है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

क्या ममता ने बहाना किया था, पैर फ्रैक्चर था ही नहीं? मेडिकल रिकॉर्ड लीक होने से मचा बवाल, पूर्व CM ने अस्पताल को भेजा नोटिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।