1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. क्या ममता ने बहाना किया था, पैर फ्रैक्चर था ही नहीं? मेडिकल रिकॉर्ड लीक होने से मचा बवाल, पूर्व CM ने अस्पताल को भेजा नोटिस

क्या ममता ने बहाना किया था, पैर फ्रैक्चर था ही नहीं? मेडिकल रिकॉर्ड लीक होने से मचा बवाल, पूर्व CM ने अस्पताल को भेजा नोटिस

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 05, 2026 01:11 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 01:12 pm IST

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मेडिकल रिकॉर्ड लीक होने से बंगाल में सियासी बवाल मच गया है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता के पैर में कोई फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने की चोट नहीं थी। अब इन गोपनीय मेडिकल दस्तावेजों के लीक होने पर ममता के वकील ने अस्पताल को कानूनी नोटिस भेजा है।

mamata banerjee leg injury- India TV Hindi
ममता बनर्जी के मेडिकल पेपर्स लीक होने से सियासी भूचाल। Image Source : PTI/REPORTER INPUT

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मेडिकल रिकॉर्ड लीक होने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व सीएम के निजी मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज से जुड़े गोपनीय दस्तावेज बिना अनुमति सार्वजनिक करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की गई है। ममता बनर्जी के वकील ने इस मामले में SSKM अस्पताल प्रबंधन और राज्य स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारियों को सीधा कानूनी नोटिस भेजा है।

नोटिस में कहा गया है कि बिना किसी अनुमति के पूर्व मुख्यमंत्री के इलाज से जुड़ी संवेदनशील जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है, जो मेडिकल गोपनीयता कानून और डॉक्टरों की पेशेवर आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।

'2021 चुनाव में ममता बनर्जी ने पैर टूटने का किया था नाटक'

हाल ही में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मेडिकल दस्तावेज दिखाकर आरोप लगाया था कि मार्च 2021 में विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पैर में कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ था। इसी का विरोध करते हुए ममता बनर्जी ने कानूनी नोटिस भेजा है

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 2021 के नंदीग्राम चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी को पैर में लगी चोट से जुड़ी मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया है कि अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक उनके पैर में कोई फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने (डिसलोकेशन) का सबूत नहीं था। सीएम ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी।

TMC ने क्या कहा?

टीएमसी ने शुभेंदु अधिकारी के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, रुचिहीन और उपचुनावों को प्रभावित करने की कोशिश बताया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, तीन बार मुख्यमंत्री रहीं ममता बनर्जी को 10 मार्च, 2021 को नंदीग्राम के बिरुलिया इलाके के रेयापारा में चुनाव प्रचार के दौरान बाएं पैर में चोट लग गई थी। शुरू में, उन्होंने दावा किया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें धक्का दिया था, जिससे वह अपनी कार के खुले दरवाजे से टकरा गईं और उनके बाएं पैर में चोट लग गई। बाद में, उन्होंने एक वीडियो जारी किया और कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भारी भीड़ ने उन्हें धक्का दिया था। उन्हें SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पता चला कि उनके बाएं टखने और पैर की हड्डी और लिगामेंट में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद बाद ममता बनर्जी को व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार करते देखा गया। इसके बाद, TMC ने 2021 के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की और 210 से ज़्यादा सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सिर्फ़ 77 सीटों पर जीत पाई।

यह भी पढ़ें-

'15 दिन में लौटो, नहीं तो...', ममता बनर्जी ने बागी सांसदों-विधायकों को दिया अल्टीमेटम

'ज्ञानेश कुमार BJP की कठपुतली, उन्हें जाना होगा', ममता ने बोला हमला तो अधीर ने दे दिया ऑफर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।