पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पंजाबी मोड़ फांड़ी अंतर्गत बांसरा सर्विस रोड पर स्थित Blue Dart DHL को निशाना बनाकर चोरों ने कथित तौर पर करीब 2 लाख रुपये की चोरी कर ली। वारदात के दौरान चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए।
एक ही रात में तीन दुकानों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना आधी रात के आसपास की है। बांसरा सर्विस रोड पर चोरों ने केवल कूरियर दफ्तर को ही नहीं, बल्कि आसपास की अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया। चोरों ने इसी इलाके में गणेश ऑटो पेंट्स और घोष मोटर्स में भी चोरी करने की कोशिश की, हालांकि चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
पुलिस जांच के सामने बड़ी चुनौती
चोरों द्वारा सीसीटीवी की हार्ड डिस्क चुरा ले जाने के कारण पुलिस के लिए अपराधियों तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में भारी रोष और दहशत का माहौल है।
दुकानदारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और ट्रैफिक गार्ड की तैनाती करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है।
कुछ दिन पहले ही दुर्गापुर के बंद मकान को चोरों ने बनाया था निशाना
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के बेनाचिती इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई थी। आरोपियों ने दोपहर के समय एक खाली घर की अलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए थे। जब परिजन घर आए और अंदर प्रवेश किया तो उनके होश उड़ गए। कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोलकाता से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।
(बिज्जू मंडल)
ये भी पढ़ें-
पानागढ़ बाजार में सोने की दुकान से मोबाइल चोरी, CCTV में कैद हुई दो युवकों की करतूत