पश्चिम बंगाल में उपचुनाव में जीत के बाद बीजेपी का उत्साह चरम पर है। फलता के बाद नंदीग्राम और रेजीनगर में जीत का दावा करते हुए बीजेपी ने कोलकाता में विजय जुलूस निकाला। बीजेपी कार्यालय से धर्मतला तक निकाले गए इस जुलूस में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सड़कों पर 'जय श्री राम' के नारे लगे। विजय जुलूस में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ नंदीग्राम और रेजीनगर से जीतने वाले बीजेपी के दोनों विधायक भी मौजूद रहे।
ममता पर शुभेंदु अधिकारी का तीखा हमला
विजय जुलूस के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी की नेता ने हिंदू धर्म को 'गंदा धर्म' कहा था और महाकुंभ को 'मृत्यु कुंभ' बताया था। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब बंगाल बदल चुका है और राज्य की राजनीति में बदलाव दिखाई दे रहा है।
उन्होंने रेजीनगर में 70-30 के समीकरण की बात करने वाले हुमायूं कबीर पर भी हमला बोला। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि हिंदुओं के खिलाफ बयान देने वाले अब खामोश हैं। उन्होंने हुमायूं कबीर के कथित बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को जनता जवाब दे रही है।
'ट्रिपल इंजन' सरकार बनाने की अपील
बीजेपी के विजय जुलूस के बीच, शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता और हावड़ा के लोगों से राज्य में ट्रिपल इंजन' सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कहने पर लोगों ने डबल इंजन की सरकार का समर्थन किया, लेकिन अब वह जनता से ट्रिपल इंजन सरकार बनाने की मांग कर रहे हैं।
नवरात्रि के मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने विकास, उन्नयन और प्रगति को आगे बढ़ने का रास्ता बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल को आगे ले जाने के लिए विकास की राजनीति जरूरी है।
ममता बनर्जी के पुराने बयान का भी किया जिक्र
शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में ममता बनर्जी के उस कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके रहते मुस्लिम सुरक्षित हैं और अगर एक समुदाय सड़कों पर उतर आया तो एक सेकंड में सबकुछ खत्म कर देंगे। शुभेंदु ने इस बयान को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा।
ये भी पढ़ें-