1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. नंदीग्राम में बीजेपी की बड़ी जीत, रेजीनगर में भी लहराया भगवा; बाकी पार्टियां काफी पीछे

नंदीग्राम में बीजेपी की बड़ी जीत, रेजीनगर में भी लहराया भगवा; बाकी पार्टियां काफी पीछे

 Written By: Khushbu Rawal
 Updated : Oct 09, 2026 05:02 pm IST

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर बीजेपी ने शुरू से ही मजबूत बढ़त बना ली थी। इस उपचुनाव में बीजेपी के लिए नंदीग्राम सीट पर अपना प्रभाव बनाए रखना अहम था।

सीएम शुभेंदु अधिकारी,...- India TV Hindi
सीएम शुभेंदु अधिकारी, ममता बनर्जी और हुमायूं कबीर। Image Source : PTI

आज देश का सियासी माहौल और गर्मा सकता है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 2 सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में आज नतीजों का दिन था। बता दें कि नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों ही सीटों पर बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। नंदीग्राम सीट पर हासीरानी रथ ने अपने करीबी प्रत्याशी और कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 1.20 लाख से भी भारी मतों के अंतर से हराया है। वहीं, रेजीनगर में बीजेपी 75 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से जीती है। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC), बागी TMC गुट, वामदल (CPI-M) और हुमायूं कबीर की AJUP समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने थे।

इन सीटों पर 6 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हुई थी, जिसमें केंद्रीय बलों की 71 कंपनियां तैनात की गई थीं। इस बार पश्चिम बंगाल की इन 2 सीटों का चुनाव दिलचस्प रहा है और इन सीटों पर बंपर वोटिंग भी हुई है। रेजीनगर में 78.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है जबकि नंदीग्राम में 79.39 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।

BJP के लिए क्यों अहम है नंदीग्राम सीट?

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हुआ। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा।

इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।

Nandigram Rejinagar By-Election Results 2026 LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 5:00 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    नंदीग्राम सीट पर BJP की हासी रानी रथ ने रचा इतिहास

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार हासी रानी रथ ने शानदार जीत दर्ज की है। सभी 17 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें कुल 1,64,427 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के बड़े अंतर से हराया। नंदीग्राम विधानसभा सीट के इतिहास में इतनी बड़ी जीत किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिली है। मिलन प्रधान को 41,674 वोट मिले, जबकि CPI उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि 5,779 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

  • 4:52 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    यह जीत मेरी नहीं, बल्कि कमल की है: शंखरव सरकार

    पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में स्थित रेजीनगर विधानसभा सीट से जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवार शंखरव सरकार ने कहा, 'यह जीत मेरी नहीं, बल्कि कमल की है। यह जीत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. हेडगेवार की है। इस जीत पर मेरा कोई व्यक्तिगत दावा नहीं है। बंगाल में मेरी कोई खास हैसियत नहीं है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संवाद कर रहे हैं। हम इस दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। मैं उनके साथ हूं और उनके रास्ते पर चल रहा हूं। हम रेजीनगर के औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।'

  • 4:50 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    रेजीनगर सीट पर बीजेपी के शंखरव सरकार की जीत

    पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर BJP उम्मीदवार शंखरव सरकार ने जीत दर्ज की है। 15 में से सभी 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें कुल 1,29,914 वोट मिले। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद (रॉबिन) को 75,816 वोटों के बड़े अंतर से हराया। गुलाम नबी आजाद को 54,098 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्लाहिल काफ़ी 6,168 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

  • 3:51 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    नंदीग्राम सीट से बीजेपी उम्मीदवार हासी रानी रथ जीतीं

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट से बीजेपी उम्मीदवार हासी रानी रथ ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को करारी मात दी है। आखिरी राउंड की काउंटिंग तक दोनों नेताओं के बीच वोटों का अंतर एक लाख बीस हजार वोटों से भी ज्यादा है।

  • 2:55 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में बीजेपी 1 लाख 6 हजार वोटों से आगे, रेजीनगर का क्या हाल?

    नंदीग्राम में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बनाई है। वहीं, मुस्लिम-बहुमत वाले रेजीनगर में भी बीजेपी ने मजबूत बढ़त बना ली है। नंदीग्राम में 13 राउंड की गिनती के बाद बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ 106513 वोटों से आगे हैं। रथ, जो सीएम शुभेंदु अधिकारी के मारे गए सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं, को 1 लाख 44 हजार वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 37,940 वोट मिले। मुस्लिम-बहुमत वाले रेजीनगर में, 10 राउंड के बाद बीजेपी उम्मीदवार शंखरव सरकार 55583 वोटों से आगे हैं। उन्हें 88919 वोट मिले, जबकि AJUP उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद (हुमायूं कबीर के बेटे) को 33336 वोट मिले।

  • 2:49 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    हम दोस्त बन गए- शुभेंदु अधिकारी

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों ही सीटों पर बीजेपी का जादू चल गया है, पार्टी जीत की ओर है। उपचुनाव के नतीजों पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने जीत का इशारा करते हुए कहा, ''हम दोस्त बन गए।''

     

  • 2:11 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम की BJP 1 लाख से ज्यादा वोटों से आगे

    नंदीग्राम की बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ को 143656 वोट मिल चुके हैं। कांग्रेस उम्मीदवार को 37 हजार 787 वोट मिले हैं। हासीरानी फिलहाल 105869 वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं रेजीनगर में बीजेपी के शंखराव सरकार 46065 वोटों से आगे चल रहे हैं।

  • 1:45 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर में ममता के उम्मीदवार जमानत होगी जब्त?

    रेजीनगर उपचुनाव में ममता बनर्जी के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी का बुरा हाल है। सातवें राउंड की गिनती पूरी होने तक उन्हें केवल 2862 वोट मिले हैं। वहीं AJUP के गुलाम नबी आजाद को 23880 वोट मिले हैं। बीजेपी के शंखराव सरकार 37506 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या ममता के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो जाएगी? दरअसल, नामांकन के समय प्रत्याशी को एक निश्चित राशि जमा करनी होती है। अगर किसी प्रत्याशी को 1/6 यानी 16.66 फीसदी से कम वोट मिलते हैं तो उसकी जमानत जब्त हो जाती है।

  • 1:38 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर कांग्रेस प्रत्याशी ने EVM से छेड़छाड़ का आरोप

    रेजीनगर से कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्लाहिल काफी ने वोटिंग में धांधली और EVM मशीनों से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पूरी चुनाव प्रक्रिया को रद्द कर दोबारा मतदान कराने की मांग की है। अब्दुल्लाहिल काफी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही कहा था कि भाजपा बड़े वोटों के अंतर से जीतेगी और अब वही होता दिख रहा है। 

     

  • 1:36 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में बीजेपी 90323 वोटों से आगे

    नंदीग्राम में बीजेपी कैंडिडेट हासीरानी रथ 11वें राउंड में 90323 वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं, मुस्लिम बहुल रेजीनगर में बीजेपी उम्मीदवार शंखराव सरकार 36736 वोटों से आगे चल रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसमें हर निर्वाचन क्षेत्र में 15 राउंड होने थे।

  • 12:50 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम-रेजीनगर में काउंटिंग का क्या हाल?

    रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शंखराव सरकार लगातार आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 48101 वोट मिले हैं। यहां पर बीजेपी को जितनी बढ़त मिली है, उससे जीत तय मानी जा रही है। दूसरे नंबर पर हुमायूं कबीर की बेटे और AJUP प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद रॉबिन हैं, उन्हें अब तक 13600 वोट मिले हैं।  

    वहीं, नंदीग्राम सीट पर बीजेपी की हासीरानी रथ 59540 वोटों से आगे चल रही हैं। यहां 18485 वोटों के साथ कांग्रेस के मिलन प्रधान दूसरे स्थान पर हैं।

  • 12:21 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में BJP करीब 50 हजार वोटों से आगे

    नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ 49922 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे स्थान पर है कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान। यहां डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस का बुरा हाल है।

     

     

  • 12:15 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में रिजल्ट से पहले BJP का जश्न

    नंदीग्राम में रिजल्ट से पहले ही बीजेपी ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में बीजेपी लगातार आगे चल रही है। यहां बीजेपी की जीत लगभग तय है। नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने कहा, "वोट लूटे गए हैं और लोकतंत्र की हत्या हुई है इसलिए ऐसे नतीजे स्वाभाविक हैं। जिन बूथों पर लोग वोट डाल पाए, वहां कांग्रेस आगे रहेगी। जिन बूथों पर वोट लूटे गए, वहां जाहिर है कि बीजेपी आगे है।"

  • 11:30 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर में 41 हजार तो नंदीग्राम में भी 41937 वोटों से बीजेपी आगे

    रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार सखारव सरकार 41 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर है आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद, जो कि हुमायूं कबीर के बेटे हैं। 

    वहीं, नंदीग्राम विधानसभा में बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ 41937 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे स्थान पर है कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान।

     

  • 11:14 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार 24056 वोटों से आगे

    नंदीग्राम में दूसरे राउंड की गिनती के बाद बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ 24056 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के मिलन प्रधान हैं। 

    वहीं, रेजीनगर में हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ रॉबिन का बुरा हाल है। रॉबिन को अब तक महज 446 वोट मिले हैं। 

     

     

  • 10:49 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर-नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार आगे

    रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार सखारव सरकार 31890 वोटों आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर है आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद जिन्हें रॉबिन नाम से भी जाना जाता हैं। 

    वहीं, नंदीग्राम विधानसभा में बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ 11965 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे स्थान पर है कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान।

     

  • 10:07 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में बीजेपी की उम्मीदवार हसीरानी रथ कौन हैं?

    नंदीग्राम सीट पर बीजेपी की उम्मीदवार हसीरानी रथ चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जो शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी थे और जिनकी मई 2026 में हत्या कर दी गई थी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद, 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी हत्या की जांच CBI को सौंप दी गई है।

    हासीरानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर के चंडीपुर इलाके के कुलुप गांव की निवासी हैं। उनकी उम्र 62 साल है। हासीरानी रथ स्थानीय स्तर की राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने पंचायत स्तर की जनप्रतिनिधि के रूप में काम किया है। शुरुआत में वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं। बाद में जब शुभेंदु अधिकारी तृणमूल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए, तो हासीरानी भी बीजेपी में चली आईं।

     

  • 10:02 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर में BJP उम्मीदवार सखारव सरकार 15 हजार वोटों से आगे

    रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार सखारव सरकार 15 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार महम्मद काफी हैं। रेजीनगर में आ रहे रुझान काफी दिलचस्प है, क्योंकि यह एक अल्पसंख्यक बहुल विधानसभा क्षेत्र है और यहां 65% से ज्यादा मतदाता मुस्लिम समुदाय से हैं।

    वहीं, नंदीग्राम में बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान हैं। (रिपोर्ट- ओंकार सरकार)

     

  • 9:42 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम में काउंटिंग स्थल पर पहुंचे SP अंशुमान साहा

    नंदीग्राम सीट पर वोटों की गिनती जारी है। पूर्वी मेदिनीपुर के SP अंशुमान साहा भी मौके पर मौजूद हैं। SP ने कहा, ''काउंटिंग वाली जगह पर 500 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परिसर के अंदर सुरक्षा की ज़िम्मेदारी CAPF के पास है, जबकि बाहर जिला पुलिस, SAP और DAF के जवान तैनात हैं। पूरे जिले में सुरक्षा जांच, पिकेट और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। अभी तक कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई खास चिंताजनक जानकारी नहीं मिली है और हमें उम्मीद है कि वोटों की गिनती शांतिपूर्ण ढंग से होगी।''

     

  • 9:18 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    रेजीनगर-नंदीग्राम में BJP आगे

    शुरुआती रुझानों में रेजीनगर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शखाराव सरकार आगे चल रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार करीब 6,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, नंदीग्राम में भी बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ आगे चल रही हैं। हासीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मृतक PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं।

    6 मई 2026 को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुभेंदु अधिकारी के उस समय के PA चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

     

     

  • 9:12 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया

    पश्चिम बंगाल के हालिया इतिहास में नंदीग्राम का 2021 का विधानसभा चुनाव परिणाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। ममता बनर्जी मौजूदा मुख्यमंत्री थीं और वोटों की दोबारा गिनती के बाद नतीजे घोषित किए गए।

    • बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी: 1,10,764 वोट, 48.49 प्रतिशत
    • AITC उम्मीदवार ममता बनर्जी: 1,08,808 वोट, 47.64 प्रतिशत
    • जीत का अंतर: 1,956 वोट, 0.85 प्रतिशत

     

  • 9:08 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम उपचुनाव का इतिहास

    नंदीग्राम में 2009 का उपचुनाव भी इस्तीफ़े की वजह से हुआ था। ऐसा पहली बार नहीं है जब नंदीग्राम में किसी मौजूदा सदस्य के पद छोड़ने की वजह से उपचुनाव हुआ हो। भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच CPI विधायक शेख मोहम्मद इलियास ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार फिरोजा बीबी जीती थीं। 

     

  • 8:45 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सत्ता में आने के बाद BJP की पहली चुनावी परीक्षा

    सुबह 8 बजे से नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है। मई में पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के बाद बीजेपी के लिए यह पहली चुनावी परीक्षा है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है, उसके बाद EVM वोटों की गिनती होगी। हर सीट पर यह प्रक्रिया 15 राउंड में पूरी होगी। 

  • 8:02 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम-रेजीनगर सीट पर वोटों की गिनती शुरू

    नंदीग्राम और रेजीनगर में आज नतीजे आएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की काउंटिंग शुरू हो गई है। कुछ ही देर में रुझान आने लगेंगे।

  • 6:54 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मतगणना केंद्र पर कई तरह के प्रतिबंध और निषेधाज्ञा लागू

    रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती के दौरान तनाव और हिंसा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने मतगणना केंद्र पर कई तरह के प्रतिबंध और निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

    आज आने वाले इन नतीजों से पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना है, जहां बीजेपी ने 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाई है। 

     

  • 6:52 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    नंदीग्राम-रेजीनगर में कितना हुआ मतदान?

    चुनाव आयोग के अनुसार, इन दोनों सीटों पर लगभग 79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया कि वोटिंग शांतिपूर्ण रही, हालांकि कुछ छिटपुट अप्रिय घटनाओं की भी खबर मिली। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में वोटिंग का प्रतिशत 79.39 रहा, जबकि मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में शाम 5 बजे तक 78.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

     

  • 6:50 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

    नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजों के लिए सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। थोड़ी देर बाद रुझान आने लगेंगे। नंदीग्राम में TMC प्रत्याशी संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को समर्थन दिया  यानी BJP के खिलाफ इस बार TMC नहीं, कांग्रेस का प्रत्याशी है।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।