1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पूरे परिसर में सुरक्षा टाइट; यही से ममता बनर्जी को आना है दिल्ली

कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पूरे परिसर में सुरक्षा टाइट; यही से ममता बनर्जी को आना है दिल्ली

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 08, 2026 03:23 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 04:00 pm IST

कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। ईमेल में एयरपोर्ट के अंदर विस्फोटक होने का दावा किया गया। धमकी के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

कोलकाता एयरपोर्ट- India TV Hindi
कोलकाता एयरपोर्ट Image Source : FILE/X

कोलकाता एयरपोर्ट को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट प्रशासन को दोपहर करीब 2 बजे एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें एयरपोर्ट परिसर में विस्फोटक लगाए जाने का दावा किया गया और पूरी सुविधा को उड़ाने की धमकी दी गई। बता दें कि कोलकाता एयरपोर्ट से ही ममता बनर्जी दिल्ली आने वाली हैं।

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पूरे परिसर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाते हुए सघन जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों की ओर से ईमेल में किए गए दावे की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी वास्तविक है या फर्जी।

ममता बनर्जी की दिल्ली उड़ान में देरी

वहीं, ममता गुट के TMC नेता कुणाल घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की दिल्ली उड़ान में बार-बार हो रही देरी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि क्या उड़ान में हो रही देरी जानबूझकर उनके कार्यक्रमों को प्रभावित करने के लिए की जा रही है। कुणाल घोष ने एयर इंडिया से अपील की कि ममता बनर्जी की उड़ान में अब और देरी न की जाए।

इंडिया अलायंस के सांसद आज दोपहर करीब 1:45 बजे कनॉट प्लेस के MOETS में लंच दिए, जिसमें ममता बनर्जी भी शामिल होने वाली थीं। हालांकि, फ्लाइट में देरी होने के कारण ममता बनर्जी अभी तक दिल्ली नहीं पहुंच पाई हैं। बता दें कि SIR और चीफ इलेक्शन कमिश्नर के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहेगा।

दिल्ली आने को लेकर ममता ने क्या कहा?

 

दिल्ली पहुंचने से पहले पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक बयान देते हुए कहा, मुझसे जाने के लिए कहा गया था, इसलिए मैं जा रही हूं। INDIA गठबंधन के नेताओं की ओर से राष्ट्रपति से 8 या 9 तारीख को मिलने का समय मांगा गया है। उस लिस्ट में मेरा नाम भी शामिल है। पहले मैंने सोचा था कि मैं नहीं जाऊंगी और अभिषेक को भेज दूंगी, लेकिन उन्होंने मुझ से जाने का आग्रह किया और मेरा नाम भी दे दिया।"

ममता ने आगे कहा, "अभी जो आंदोलन चल रहा है, उसे देखते हुए अगर मैं उनके साथ खड़ी नहीं होती तो यह ठीक नहीं लगता, क्योंकि बंगाल के लोग चाहते हैं कि मैं जाऊं। भले ही पूजा का समय है और हर कोई व्यस्त है, फिर भी मुझे यह यात्रा करनी ही है। इसलिए, अगर राष्ट्रपति मिलने का समय देती हैं तो ठीक है। अगर मैं वहां नहीं होती तो अच्छा नहीं लगता, इसीलिए मैं जा रही हूं, हालांकि मुझे नहीं पता कि इसके बाद और क्या कार्यक्रम होंगे।"

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की कश्मीरी युवक की पिटाई, बीजेपी ने साधा निशाना

प्रियंका ने महिला पुलिसकर्मी को कोहनी मारी, राहुल ने गलत तरीके से छुआ… BJP के आरोप के बाद दोनों पर FIR

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।