1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. करण जौहर के शो में सलमान खान संग दिखीं करिश्मा कपूर, 'कॉफी विद करण 9' के फाइनल सीजन का प्रोमो वायरल

करण जौहर के शो में सलमान खान संग दिखीं करिश्मा कपूर, 'कॉफी विद करण 9' के फाइनल सीजन का प्रोमो वायरल

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 14, 2026 07:44 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 07:44 pm IST

करिश्मा कपूर, करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' के प्रीमियर एपिसोड में सलमान खान के साथ शामिल होंगी। यह शो का आखिरी सीजन है। एक नए प्रोमो में आने वाले एपिसोड की झलक दिखाई गई है।

Salman Khan, Karisma Kapoor, Karan Johar- India TV Hindi
सलमान खान, करिश्मा कपूर, करण जौहर Image Source : INSTAGRAM/@KARANJOHAR

करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' का आखिरी सीजन आज रात शुरू हो रहा है, जिसमें पहले एपिसोड के सेलिब्रिटी गेस्ट सलमान खान होंगे। इस चैट शो के 9वें और आखिरी सीजन की वापसी को लेकर काफी उत्साह है। हालांकि, सलमान खान के साथ करिश्मा कपूर भी नजर आने वाली हैं, जो इस शो का सरप्राइज अपीयरेंस होने वाला है। इस लंबे समय से चल रहे चैट शो के प्रीमियर को इसके आखिरी सीजन के तौर पर भी बताया जा रहा है। मेकर्स की ओर से शेयर किए गए लेटेस्ट प्रोमो में करिश्मा कपूर, जिन्होंने सलमान के साथ कई फिल्मों में काम किया है। वह भी सुपरस्टार के साथ कॉफी काउच पर नजर आएंगी।

कॉफी विद करण 9 के पहले एपिसोड के स्पेशल गेस्ट

सलमान खान सीजन की शुरुआत में करण जौहर के साथ 'कॉफी काउच' पर नजर आएंगे। पहले प्रोमो में एक्टर ने मजाक में कहा कि शो खत्म होने के बाद वे 'कॉफी विद सलमान' नाम का एक स्पिन-ऑफ शो शुरू करेंगे। उन्होंने करण जौहर का मजाक भी उड़ाया कि वे बार-बार सेलेब्रिटीज से कहते हैं कि हर सीजन आखिरी होगा। प्रोमो के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ मजाक-मस्ती की। सुपरस्टार सलमान खान ने फिल्ममेकर करण की फिल्म 'कुछ कुछ होता है' का जिक्र करते हुए कहा, 'तुस्सी ना जाओ।'

कॉफी विद करण का आखिरी सीजन

एक नए प्रोमो से यह भी पता चला है कि करिश्मा कपूर प्रीमियर एपिसोड में सलमान के साथ शामिल होंगी, जिससे सीजन की शुरुआती बातचीत में एक और जाना-माना चेहरा जुड़ जाएगा। उम्मीद है कि दोनों प्यार, जिंदगी और बाकी चीजों पर बात करेंगे। सितंबर में करण जौहर ने एक इमोशनल वीडियो शेयर करके 'कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन का ऐलान किया था। वीडियो में फिल्ममेकर ने शो के सफर को याद किया और अपने पिता, प्रोड्यूसर यश जौहर के साथ इस आइडिया पर हुई बातचीत को भी याद किया।

कॉफी विद करण के बारे में क्या बोले करण जौहर

करण जौहर ने उन यादों, दोस्ती और विवादों पर भी बात की। अपने कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने की आप प्लान नहीं बनाते, बस आपको अपने अंदर कहीं पता चल जाता है कि उन्हें छोड़ने का समय कब आ गया है। कॉफी विद करण मेरी जिंदगी का एक असाधारण हिस्सा रहा है। इसने मुझे दोस्ती, यादें, पूरी तरह से पागलपन भरे पल, बहुत सारा प्यार और हां, काफी विवाद भी दिए हैं, लेकिन इन सबके बीच जो चीज हमेशा बनी रही, वह है दर्शक। वे हमारे साथ हंसे, हमसे बहस की, हमें ट्रोल किया, हमें सेलिब्रेट किया और सबसे जरूरी बात, एक और कप के लिए वापस आते रहे।'

कॉफी विद करण 9 कब और कहां देखें

'कॉफी विद करण 9' का प्रीमियर 14 अक्टूबर को शाम 7 बजे, सिर्फ जियो हॉटस्टार पर होगा। हर बुधवार शाम 7 बजे नए मेहमानों के साथ नया एपिसोड आएगा। दर्शक इस प्लेटफॉर्म पर नया एपिसोड स्ट्रीम कर सकते हैं। सेलिब्रिटी चैट शो के पिछले सीजन भी वहां उपलब्ध हैं।

यादगार ऑन-स्क्रीन जोड़ी है सलमान और करिश्मा की

सलमान और करिश्मा का साथ भी कई सालों पुराना है। ये दोनों एक्टर पहली बार 'जागृति' में साथ दिखे थे। इसके बाद वे राजकुमार संतोषी की 'अंदाज अपना अपना'  लिए फिर साथ आए, जिसमें आमिर खान और रवीना टंडन भी थे। उनका साथ 'जीत', 'जुड़वा', 'बीवी नंबर 1', 'हम साथ-साथ हैं', 'चल मेरे भाई' और 'दुल्हन हम ले जाएंगे' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। ऐसे में, जब भी बॉलीवुड की यादगार ऑन-स्क्रीन जोड़ियों की बात आती है तो इन दोनों सुपरस्टार का जिक्र जरूर होता है।

ये भी पढ़ें - 'कॉफी विद करण 9' के साथ लौट रहे करण जौहर, सलमान खान होंगे आखिरी सीजन के पहले गेस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।