मेरठ: मेरठ के चर्चित नीले ड्रम केस यानी सौरभ हत्याकांड में आज जिला जज की अदालत ने अपना फैसला सुना दिया। सौरव की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी को सौरभ केस का दोषी मानकर मृत्युदंड दिया गया है। कोर्ट के डिसीजन के बाद एक तरफ सौरभ के परिजन निर्णय से खुश नजर आए और उन्होंने कहा कि बेटे की आत्मा को शांति मिल गई, कोर्ट परिसर में वकीलों ने मिठाई बांटते हुए निर्णय का स्वागत किया। वहीं दूसरी तरफ मुस्कान और साहिल के परिवार में माहौल गमगीन हो गया। मुस्कान के माता-पिता ने घर के दरवाजे बंद कर लिये। इंडिया टीवी से बिना कैमरे पर बात करते हुए उन्होंने अपना दुख साझा किया।
दादा-दादी को मुस्कान की बेटी नहीं देंगे
मुस्कान के पिता प्रमोद ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपनी 6 साल की नाती पायल (काल्पनिक नाम ) को सौरभ के परिवार को नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सौरभ के परिजन बताएं कि जब सौरभ विदेश में था, तब वह कहां गये थे, हमारी बेटी किराए के मकान में अकेले रह रही थी, उसकी हालत जानने तब क्यों नही आए, आज बेटी को मांग रहे हैं। यदि बेटी दे दी तो वह उसे सौरभ की बेटी नहीं बल्कि मुस्कान की छवि देखते हुए घृणा करेंगे।
सजा सुनते ही मां का दिल पसीजा
मुस्कान का परिवार सजा का ऐलान हो जाने पर अब उसकी बेटी पायल को मिलवाने के लिए जेल ले जायेगा। उन्होंने कहा कि मां भी बेटी से मिलना चाहती है, वहीं बेटी भी अपनी मां को देखना चाहती है।
फांसी की सजा सुनकर भावुक हो गई मुस्कान की बेटी
मुस्कान का परिवार टीवी पर पल-पल की जानकारी ले रहा था, जैसे ही मृत्युदंड सुनाया गया तो सबकी आंखों से आंसू छलक पड़े। 6 साल की मासूम बिटिया भी मां को फांसी की सजा देने पर रोने लगी। मुस्कान की मां कविता रस्तोगी ने कहा कि अब सजा का ऐलान हो चुका है, इसलिए अब हम भी उससे मिलने जायेंगे। बेटी से मिलने की इच्छा तो हमारी भी है।
मुस्कान का भाई नहीं चाहता उससे संबंध रखना
मुस्कान की मां कविता ने भावुक होते हुए कहा कि मां का दिल है, हर रोज उससे मिलने के लिए तड़प रहा था, लेकिन अपने बेटे-बेटी का भविष्य देखते हुए जेल में मिलने नहीं गये। साथ ही उन्होंने कहा कि मुस्कान का भाई वीशू अब उससे कोई संबंध नही रखना चाहता, बेटे के आगे वह भी लाचार है।
परिवार को उम्मीद थी कि उम्रकैद मिलेगी
मुस्कान के पिता ने कहा कि उन्हें फांसी की उम्मीद नहीं थी, बल्कि लग रहा था दो बच्चियों के भविष्य को देखते हुए अदालत उम्रकैद की सजा देगा।
मुस्कान का परिवार सजा कम करवाने की अपील नहीं करेगा
मुस्कान के परिजन हाई कोर्ट में अपील नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी आर्थिक स्थिति इस लायक नहीं है कि वह केस लड़ सकें। पिता बीमार हैं एक साल से, दुकान खाली पड़ी है, आर्थिक विषमता के चलते कोर्ट नहीं जायेंगे, किसी भी स्तर पर पैरवी नहीं करेंगे।
नशे का आदी था साहिल, टेस्ट की मांग हुई अनदेखी
मुस्कान के पिता प्रमोद ने कहा कि जब हमने पुलिस को अपनी बेटी दी थी, तब इस बात की मांग की थी कि साहिल और मुस्कान कौन सा नशा करते थे, इसका टेस्ट करवाया जाए, हमारी बात को इग्नोर कर दिया गया।
मुख्य अपराधी साहिल है न कि मुस्कान
मुस्कान की मां ने कहा कि की मुख्य अपराधी उनकी बेटी को बनाया जा रहा है जबकि इसके पीछे पूरा साहिल का दिमाग काम कर रहा था। साहिल नशे का आदी था। उसे मुस्कान से पैसा मिल रहा था, इसलिए उसने उसे भी नशे का आदी बना दिया। किसी लड़की की हिम्मत नहीं है कि वह अपने पति को मार कर टुकड़े कर दे, और ड्रम में पैक कर दे।
काला जादू किया था साहिल ने
मुस्कान के परिजनों ने कहा कि साहिल काला जादू जानता था, इसकी जानकारी मुस्कान के परिवार को सौरभ की मौत के बाद हुई। जब उसके घर पुलिस और मीडिया पहुंची और दीवारों पर बने चित्र देखकर आभास हुआ कि बेटी पर काला जादू साहिल ने कर रखा था। असली अपराधी साहिल है मुस्कान नहीं।
मुस्कान की चर्चा है चारों तरफ
मुस्कान के परिजनों ने कहा कि चारों तरफ मेरी बेटी को ही गलत माना गया है, जबकि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड सिर्फ साहिल ही है। साहिल की तरफ से बचाव पक्ष ने कहा कि उसके बुजुर्ग माता पिता हैं, बीमार हैं, झूठ बोला गया, कोर्ट ने उसे नहीं माना, जबकि उसके पैरेंट्स 50 के करीब के हैं और स्वस्थ हैं।
साहिल ने पैसे के लिए सब किया
मुस्कान के परिजनों ने कहा कि हमारी बेटी सिर्फ सम्मोहित करके पैसे के लिए यूज की गई है। सौरभ पैसा देता था और साहिल उसको नशे में उड़ता था। बेटी भी नशे की आदी बन गई। उन्होंने माना कि बेटी की सबसे बड़ी गलती साहिल से दोस्ती करना था। सौरभ, साहिल को पसंद नही करता था। उसने मुस्कान से दोस्ती तोड़ने के लिए कहा भी था। यहां उन्होंने बेटी के पक्ष को मजबूत करते हुए कहा कि सौरभ ने सख्ती नहीं की साहिल से दोस्ती खत्म करने के लिए, यदि वह पति के नाते मुस्कान पर दबाव डालता कि साहिल से बातचीत बंद कर दो, तो यह नौबत नहीं आती।
सौरभ की मां का व्यवहार था बहुत खराब
मुस्कान की माता कविता ने कहा कि सौरभ की मां रेनू का व्यवहार बहुत खराब था। पूरे घर का रिमोट कंट्रोल उनके हाथ में था। मुस्कान के साथ व्यवहार अच्छा नहीं था। वो नहीं चाहती थी कि मुस्कान हमसे संबंध रखें, बेटी अपने माता-पिता को कैसे छोड़ सकती है, इसलिए उन्होंने नाराज होकर सौरभ को किराए पर साहिल के घर के नजदीक मकान दिलवा दिया। उसके बाद सौरभ को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया।
मुस्कान के पिता ने किया था सुसाइड का प्रयास
मुस्कान की मां ने राज खोला कि सौरभ की मौत के बाद वह लोग एक दिन भी चैन से नहीं सो सके हैं। पिता प्रमोद ने परेशान होकर जान देने की कोशिश की थी, जिसकी डॉक्टरी रिपोर्ट भी मौजूद है। मानसिक व्यथा किससे कहें।
इससे पहले खबर सामने आई थी कि मेरठ के नीले ड्रम केस में मौत की सजा सुनते ही मुस्कान और साहिल रोने लगे थे।
ये भी पढ़ें-
मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड, सौरभ की बेटी के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगा परिवार