1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फरार श्रद्धा दुबे नेपाल में ई-रिक्शा पर दिखी, शिवा शर्मा की मौत पर नया VIDEO जारी किया, बोली- मैंने अपनी आंखों से उसे छलांग लगाते देखा

फरार श्रद्धा दुबे नेपाल में ई-रिक्शा पर दिखी, शिवा शर्मा की मौत पर नया VIDEO जारी किया, बोली- मैंने अपनी आंखों से उसे छलांग लगाते देखा

 Reported By: Vishal Singh,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 15, 2026 01:40 pm IST,  Updated : Oct 15, 2026 01:40 pm IST

शिवा शर्मा की मौत के मामले में अपना नाम सामने आने के बाद फरार श्रद्धा दुबे ने एक और वीडियो जारी कर घटना वाले दिन की पूरी कहानी बताई है। श्रद्धा ने दावा किया है कि उसने अपनी आंखों से शिवा शर्मा को बालकनी से छलांग लगाते हुए देखा था। दूसरी तरफ, श्रद्धा की नेपाल से तस्वीरें भी सामने आई हैं।

model shraddha dubey- India TV Hindi
नेपाल में ई-रिक्शा पर दिखी मॉडल श्रद्धा दुबे। Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा की मौत मामले में 25 हजार की इनामी आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें उसने घटना वाले दिन की पूरी कहानी बताई है। वीडियो में वह शिवा शर्मा की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बता रही है और दावा कर रही है कि उसने अपनी आंखों से शिवा को बालकनी से छलांग लगाते देखा था। श्रद्धा ने शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज होने का दावा भी किया है। इससे पहले श्रद्धा ने एक और वीडियो जारी कर कहा था कि वह सरेंडर के लिए तैयार है। साथ ही सफाई भी दी थी।

बहन और दोस्त के साथ नेपाल में नजर आई

इस बीच नेपाल के महीम नगर से सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल के दिखाई देने का दावा किया गया है। तीनों के ई-रिक्शा पर सवार होने की फोटो सामने आई है। यानी जिस श्रद्धा को लखनऊ पुलिस तलाश रही है, उसके नेपाल पहुंचने और वहां से आगे निकल जाने की बात कही जा रही है।

नेपाल में भाई और दोस्त के साथ दिखी श्रद्धा दुबे।
Image Source : REPORTER INPUTनेपाल में भाई और दोस्त के साथ दिखी श्रद्धा दुबे।

'मैंने उसे छलांग लगाते देखा, वो कर्ज में डूबा था'

एक तरफ नेपाल से श्रद्धा दुबे की तस्वीरें सामने आ रही है, तो दूसरी तरफ वह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी बात रख रही है। नए वीडियो में श्रद्धा कह रही है, ''मैं श्रद्धा दुबे, जिसका नाम शिवा हत्याकांड में बार-बार उछाला जा रहा है। मेरा उससे कोई मतलब नहीं था, मेरा उस हत्या से कोई मतलब नहीं था। वह हत्या नहीं थी, वह एक सुसाइड था। मैंने अपनी आँखों से उसको कूदते हुए देखा।'' उसने दावा किया कि शिवा पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और उस पर 15 से 20 लाख रुपये तक का कर्ज था।

7 तारीख की रात क्या हुआ था?

श्रद्धा के मुताबिक, घटना से पहले करीब पांच से छह दिनों तक उसकी शिवा शर्मा से बातचीत नहीं हुई थी। 7 तारीख को कपूरथला के मुख्य चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान के जरिए शिवा ने उसके ड्राइवर से संपर्क किया। श्रद्धा ने बताया कि उस दौरान शिवा फोन पर काफी रो रहा था। इसके बाद उसने अपने नंबर से शिवा को दो बार फोन किया, लेकिन उस वक्त कॉल नहीं उठाई गई।

श्रद्धा ने बताया कि रात करीब दो बजे शिवा का फोन आया। बातचीत के बाद वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार से उससे मिलने पहुंचा। इसके बाद दोनों पैडलर्स कैफे गए, जहां शिवा ने उसके लिए माचा और ड्राइवर के लिए जूस ऑर्डर किया। श्रद्धा का दावा है कि शिवा ने शराब पी रखी थी। बाद में दोनों घर पहुंचे। उस समय श्रद्धा के मुताबिक, शिवा उसकी गाड़ी चला रहा था, जबकि उसका ड्राइवर शिवा की गाड़ी चला रहा था।

मॉडल श्रद्धा दुबे पर हत्या के आरोप।
Image Source : REPORTER INPUTमॉडल श्रद्धा दुबे पर हत्या के आरोप।

बहन और दोस्तों का भी किया जिक्र

श्रद्धा ने बताया कि 8 तारीख को उसकी बहन पूजा से जुड़ी बातचीत के लिए उसके घर आई थी। उसने दावा किया कि उसकी बहन का शिवा से बहुत कम परिचय था और इस मामले से उसका कोई संबंध नहीं है। श्रद्धा के मुताबिक, उसी दिन शिवा शर्मा के कुछ दोस्त भी घर आए थे। इनमें अश्विनी मिश्रा और हर्ष नाम के व्यक्ति शामिल थे। उसने सवाल उठाया कि अगर शिवा को प्रताड़ित किया जा रहा था, तो उसके दोस्तों ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी क्यों नहीं दी।

उसने यह भी कहा कि शिवा के साथ उसका परिचय करीब चार महीने पहले हुआ था और पिछले दो महीनों से दोनों रिलेशनशिप में थे। श्रद्धा ने शिवा की मां के लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दावों का भी जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के साथ रहने की अवधि और परिस्थितियों को लेकर कही जा रही बातें सही नहीं हैं।

15 से 20 लाख रुपये के कर्ज का दावा

श्रद्धा ने अपने वीडियो में शिवा की आर्थिक परेशानियों को उसकी मौत से जोड़कर देखने की बात कही। उसने दावा किया कि शिवा पर करीब 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और जब भी वह दोस्तों या उसके साथ बैठता था, कर्ज देने वालों के फोन आते थे।

श्रद्धा के मुताबिक, शिवा कई बार कर्ज नहीं चुका पाने की स्थिति में आत्महत्या करने की बात कह चुका था। उसने कहा कि उस समय उसने शिवा की इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया था। श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि उसके पास कुछ स्क्रीनशॉट हैं, जिन्हें वह साझा करेगी। उसने बताया कि शिवा का फोन पुलिस को सौंप दिया गया है और कॉल डिटेल्स से कर्ज देने वालों के फोन आने की जानकारी सामने आ सकती है। हालांकि, शिवा पर कर्ज होने और उसकी आर्थिक परेशानियों के कारण आत्महत्या किए जाने से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

देखें वीडियो-

बालकनी से छलांग लगाने का किया दावा

श्रद्धा ने 9 तारीख की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सुबह उठने के बाद सभी ड्राइंग रूम में चाय पीने के लिए आए थे। इसके बाद शिवा वॉशरूम जाने के लिए अंदर गया। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा आमतौर पर वॉशरूम जाते समय मुख्य दरवाजा बंद नहीं करता था, लेकिन उस दिन उसने दरवाजा बंद कर दिया। श्रद्धा ने बताया कि शिवा की पहले बताई गई आर्थिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उसे शक हुआ। उसने अपनी बहन को तुरंत जाकर देखने के लिए कहा। उसके मुताबिक, जब तक उसकी बहन दरवाजा खोल पाती, शिवा बालकनी से छलांग लगा चुका था।

शिवा की मां पर भी लगाए आरोप

श्रद्धा ने दावा किया कि घटना के बाद शिवा की मां को फोन किया गया और पुलिस की आपातकालीन हेल्पलाइन 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 पर भी संपर्क किया गया। उसके अनुसार, शिवा की मां मौके पर पहुंचीं और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की। श्रद्धा ने कहा कि यह घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई होगी। उसने आरोप लगाया कि पूरी घटना की जानकारी सामने आने से पहले ही उस पर और उसके साथ मौजूद लोगों पर हत्या का आरोप लगा दिया गया। श्रद्धा ने कहा कि इस आरोप से उसे मानसिक रूप से काफी परेशानी हो रही है।

मीडिया से की परेशान न करने की अपील

वीडियो के आखिर में श्रद्धा ने मीडिया से उसके खिलाफ अफवाहें नहीं फैलाने और उसे परेशान नहीं करने की अपील की। उसने कहा कि शिवा को खोने का दुख उसे भी है और वह खुद भी इस घटना से परेशान है। श्रद्धा ने यह भी कहा कि लगातार मानसिक दबाव और परेशान किए जाने से उसकी हालत बिगड़ रही है। वीडियो में उसने आत्महत्या करने की बात भी कही और मीडिया से ऐसा न करने की अपील की।

फिलहाल, श्रद्धा दुबे ने अपने वीडियो में जो बातें कही हैं, वे उसके दावे हैं। शिवा शर्मा की मौत के मामले में घटना के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स, मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी।

यह भी पढ़ें-

लखनऊ में मशहूर मॉडल श्रद्धा दुबे पर लगा युवा कारोबारी की हत्या का आरोप, FIR दर्ज, मां बोलीं- "दोनों लिव-इन में थे" 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।