1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI 2nd ODI: शुभमन गिल के दोहरे शतक से टीम इंडिया ने हासिल किया 406 रन का ऐतिहासिक लक्ष्य

IND vs WI 2nd ODI: शुभमन गिल के दोहरे शतक से टीम इंडिया ने हासिल किया 406 रन का ऐतिहासिक लक्ष्य

 Written By: Abhishek Pandey
 Updated : Sep 30, 2026 10:16 pm IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच में तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल नाबाद 223 रनों की पारी खेली।

India vs West Indies, 2nd ODI- India TV Hindi
भारत बनाम वेस्टइंडीज, दूसरा वनडे मैच। Image Source : AP

भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने ऐतिहासिक नाबाद 223 रनों की पारी खेली। इस शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया 406 रनों का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल करने में सफल रही।

भारत ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 405 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज की ओर से जॉन कैम्पबेल, शे होप और आमिर जंगू ने शानदार शतक ठोकने का कारनामा किया। जवाब में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के शतक और कप्तान शुभमन गिल के दोहरे शतक के दम पर पहाड़ जैसा लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत अब ODI में 400 से ज्यादा रनों का लक्ष्य हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है।

इस सीरीज का पहला वनडे मैच तिरुवनंतपुरम में खेला गया था, जिसको टीम इंडिया एकतरफा 8 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही थी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब भारतीय टीम की नजरें दूसरे मैच को भी जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने को लेकर रहने वाली हैं। वहीं दूसरे वनडे मैच से पहले विंडीज टीम को एक बड़ा झटका जस्टिन ग्रीव्स जिन्होंने पहले मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली थी वह इस दूसरे वनडे मैच में अनफिट होने की वजह से पहले ही बाहर हो गए।भारत बनाम वेस्टइंडीज की दूसरे वनडे मैच में प्लेइंग 11

भारत - रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, आकिब नबी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।

वेस्टइंडीज - जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शे होप (विकेटकीपर, कप्तान), अमीर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जायडन सील्स, विटेल लॉज।

 

Latest Cricket News

IND vs WI 2nd ODI Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 10:11 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    भारत ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

    भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करते हुए नया कीर्तिमान रच दिया है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 406 रनों का लक्ष्य महज 44वें ओवर में हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 223 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।

  • 9:47 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    शुभमन गिल ने जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक

    शुभमन गिल ने ODI में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का कमाल कर दिया है। गिल ने महज 117 गेंदों में ठोकी डबल सेंचुरी।

  • 9:43 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    200 रन के करीब गिल

    शुभमन गिल दोहरे शतक के करीब पहुंच गए हैं। गिल 23 चौके और 7 छक्के जड़ चुके हैं। 

  • 9:21 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    कोहली आउट

    पहले मैच में शतक जड़ने वाले विराट कोहली दूसरे ODI में बड़ी पारी नहीं खेल सके। कोहली सिर्फ 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 19 गेंदों का सामना किया।

  • 9:08 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    300 रन के पार टीम इंडिया

    टीम इंडिया ने 30वें ओवर की पहली गेंद पर 300 रन का आंकड़ा छू लिया है। कप्तान शुभमन गिल 150 से ज्यादा रन बनाकर नाबाद हैं। विराट कोहली उनका बखूबी साथ दे रहे हैं।

  • 8:55 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    रोहित लौटे पवेलियन

    रोहित शर्मा 101 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। इस तरह भारत को पहला झटका लग गया है। रोहित और गिल के बीच 255 रनों की साझेदारी हुई।

  • 8:45 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    रोहित ने जड़ी सेंचुरी

    रोहित शर्मा ने अपना शतक पूरा कर लिया है। रोहित ने ODI में अपना 35वां शतक जड़ दिया है। इस बीच भारत का स्कोर 250 के पार पहुंच गया है।

  • 8:20 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    गिल ने जड़ी सेंचुरी

    भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लगातार दूसरी ODI सेंचुरी जड़ दी है। गिल ने महज 62 गेंदों पर सैकड़ा जड़ने का कारनामा किया।

  • 8:02 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    रोहित ने जड़े 12000 ODI रन

    रोहित शर्मा ने ODI क्रिकेट 12000 रन पूरे कर लिए हैं। वह ODI में ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बन हए हैं। इससे पहले सचिन और विराट ने ये कमाल किया था।
     

  • 7:57 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    गिल ने जड़ा पचासा

    शुभमन गिल ने भी अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है। पिछले मैच में भी गिल के बल्ले से शानदार शतक निकला था। गिल की नजर आज भी शतक ठोकने पर होगी।

  • 7:47 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    शतकीय साझेदारी

    रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच 14 ओवर तक 121 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है। गिल 47 और रोहित 69 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत का रन रेट 8 से ज्यादा का चल रहा है।

  • 7:33 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    100 रन के पार टीम इंडिया

    भारतीय टीम ने 12वें ओवर में 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। रोहित अर्धशतक बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। कप्तान शुभमन गिल अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं।

  • 7:21 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    रोहित ने जड़ा अर्धशतक

    भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़ दिया है। महज 32 गेंदों में ठोकी फिफ्टी। भारत का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है।

  • 7:04 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    50 रन पूरे

    रोहित शर्मा ने 7वें ओवर में छक्का जड़ते हुए टीम इंडिया का स्कोर 50 रन पहुंचा दिया है। रोहित और गिल लगातार रन बटोर रहे हैं। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पहले विकेट की तलाश है।

  • 6:53 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    टीम इंडिया का शानदार आगाज

    भारतीय टीम ने 4 ओवर में 32 रन ठोक दिए हैं। रोहित शर्मा 18 और शुभमन गिल 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। वेस्टइंडीज को अपने पहले विकेट की तलाश है।

  • 6:39 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    भारतीय पारी का आगाज

    भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल लक्ष्य का पीछा करने के लिए मैदान में उतर चुके हैं।

  • 6:06 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    भारत को रचना होगा इतिहास

    भारत को आज का मैच जीतने के लिए इतिहास रचना होगा। भारत का सबसे बड़ा रन चेज 360 रन है। आज टीम इंडिया को अपना ही रिकॉर्ड तोड़ना होगा। 

  • 6:04 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    भारत को मिला 406 रनों का लक्ष्य

    वेस्टइंडीज ने 50ओवर में 7 विकेट खोकर खड़ा किया 405 रनों का पहाड़। वेस्टइंडीज का ये ODI में सबसे बड़ा टीम स्कोर है। जॉन कैम्पबेल, शे होप और आमिर जंगू ने ठोके शतक। भारत की ओर से गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके।

  • 5:55 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    400 के करीब वेस्टइंडीज

    वेस्टइंडीज 400 रन के करीब पहुंच गया है। 2 ओवर का खेल अभी भी बाकी है। वेस्टइंडीज के 3 बल्लेबाज अब भी बाकी हैं।

  • 5:17 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    आमिर जंगू ने ठोका धमाकेदार शतक

    शेरफेन रदरफोर्ड अपना खाता भी नहीं खोल पाए। गुरनूर बराड़ ने रदरफोर्ड को पहली ही गेंद पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। वेस्टइंडीज के 4 बल्लेबाज अब तक पवेलियन लौट गए हैं। इस बीच जंगू ने भी अपना शतक पूरा कर लिया है।

  • 5:12 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    शे होप लौटे पवेलियन

    शे होप 104 रन बनाकर आउट हो गए हैं। कुलदीप यादव ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। अब पारी को आगे बढ़ाने का दारोमदार आमिर जंगू पर है, जो शतक से सिर्फ 1 रन दूर हैं।

  • 5:06 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    शे होप ने ठोका शतक

    शे होप ने 90 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया है। अब जंगू अपने शतक से 5 रन दूर हैं।

  • 5:02 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    300 के पार वेस्टइंडीज

    वेस्टइंडीज की टीम ने 300 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। जंगू और होप दोनों अपने शतक के करीब हैं। 12 ओवर अभी भी बचे हुए हैं।

  • 4:37 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    250 के पार वेस्टइंडीज

    वेस्टइंडीज ने 32 ओवर में 250 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए हैं। इस बीच आमिर जंगू ने अर्धशतक जड़ दिया है। शे होप अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं।

  • 4:05 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    200 रन पूरे

    वेस्टइंडीज ने 26वें ओवर में 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। ODI में भारत के खिलाफ यह तीसरा सबसे तेज 200 रन हैं।

  • 3:44 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    20 ओवर समाप्त

    वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 158 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। जंगू और होप क्रीज पर डटे हुए हैं। पहले ODI की तरह दूसरे मैच में भी वेस्टइंडीज की टीम बल्लेबाजी कर रही है। फिलहाल मेहमान टीम लगभग 8 रन प्रति ओवर के रन रेट से रन बना रही है।

  • 3:28 PM (IST)
    Posted by Vanson Soral

    जॉन कैम्पबेल शतक बनाकर लौटे पवेलियन

    जॉन कैम्पबेल शतक बनाकर आउट हो गए हैं। गुरनूर बराड़ ने भारत को दूसरी बड़ी सफलता दिलाई। कैम्पबेल 101 रन बनाकर आउट हुए। 

  • 3:03 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    13 ओवर्स में वेस्टइंडीज की टीम ने बनाए 118 रन

    वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरे वनडे मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद एक विकेट के नुकसान पर 117 रन बना लिए हैं, जिसमें जॉन कैम्पबेल 83 और शे होप 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 2:56 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रनों के पार

    भारतीय टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर्स का खेल खत्म होने पर एक विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए हैं, जिसमें जॉन कैम्पबेल 76 और शे होप 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 2:48 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    9 ओवर्स में वेस्टइंडीज की टीम ने बनाए 85 रन

    वेस्टइंडीज ने गुवाहाटी में खेले जा रहे भारतीय टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद एक विकेट के नुकसान पर 85 रन बना लिए हैं। जॉन कैम्पबेल 58 और शे होप 12 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 2:39 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज ने 7 ओवर्स में बनाए 70 रन

    भारतीय टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही वेस्टइंडीज की टीम ने 7 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद एक विकेट के नुकसान पर 70 रन बना लिए हैं, जिसमें जॉन कैम्पबेल 45 और शे होप 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 2:27 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    कीसी कार्टी 9 रन बनाकर लौटे पवेलियन

    वेस्टइंडीज की टीम को गुवाहाटी वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 के स्कोर पर पहला झटका पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर कीसी कार्टी के रूप में लगा है, जो 9 के निजी स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने।

  • 2:21 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    4 ओवर्स में वेस्टइंडीज की टीम ने बनाए 33 रन

    वेस्टइंडीज की टीम ने गुवाहाटी वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद बिना किसी नुकसान के 33 रन बना लिए हैं, जिसमें जॉन कैम्पबेल 22 और कीसी कार्टी 5 रन बनाकर खेल रहे हैं। औकिब नबी ने अपने शुरुआती दो ओवर्स में 24 रन दिए हैं।

  • 2:11 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज ने 2 ओवर्स में बनाए 11 रन

    भारतीय टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज टीम ने 2 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए हैं। जॉन कैम्पबेल 5 और कीसी कार्टी भी 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 2:03 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज की तरफ से ओपनिंग में उतरे जॉन कैम्पबेल और कीसी कार्टी

    भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसमें टॉस हारने के बाद विंडीज टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है और उनकी तरफ से जॉन कैम्पबेल और कीसी कार्टी ओपनिंग में उतरे हैं।

  • 1:50 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    नीतीश रेड्डी को किया गया प्लेइंग 11 से बाहर

    वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में जो एक बदलाव किया है उसमें नीतीश रेड्डी को प्लेइंग 11 से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, जिसमें उनकी जगह पर कप्तान गिल ने तेज गेंदबाज आकिब नबी को मौका दिया है जो पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल रहे हैं।

  • 1:40 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज टीम की दूसरे वनडे मैच में प्लेइंग 11

    जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शे होप (विकेटकीपर, कप्तान), अमीर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जायडन सील्स, विटेल लॉज।

  • 1:40 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम की दूसरे वनडे मैच में प्लेइंग 11

    रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, आकिब नबी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।

  • 1:37 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    भारतीय टीम ने जीता टॉस

    वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने फैसला लिया है, जिसमें टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में एक बदलाव हुआ है तो वहीं विंडीज टीम की प्लेइंग 11 में चार बदलाव हुए हैं।

  • 1:24 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    आकिब नबी को मिला वनडे में डेब्यू का मौका

    वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग में बदलाव तय हो गया है, जिसमें इंटरनेशनल क्रिकेट में तेज गेंदबाज आकिब नबी को डेब्यू करने का मौका मिल रहा है, जिनको टॉस से पहले उनकी वनडे कैप केएल राहुल ने सौंपी है।

  • 1:22 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वेस्टइंडीज टीम का वनडे सीरीज में स्क्वाड

    जॉन कैंपम्बेल, ज्वेल एंड्रयू, कीसी कार्टी, शे होप (विकेटकीपर, कप्तान), अमीर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जायडन सील्स, कीमो पॉल, शमर जोसेफ, विटेल लॉज।

  • 1:21 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    वनडे सीरीज में भारतीय टीम का स्क्वाड

    रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, आकिब नबी, ध्रुव जुरेल।

  • 1:20 PM (IST)
    Posted by Abhishek Pandey

    गुवाहाटी में खेला जाएगा पहला वनडे मैच

    भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस वनडे सीरीज के पहले मैच को टीम इंडिया ने 8 विकेट से अपने नाम किया था जिसके बाद अब उनकी नजरें सीरीज में अजेय बढ़त लेने पर हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।