एशियन गेम्स 2026 में आर्चरी में भारत के लिए गोल्ड मेडल की बरसात होते हुए देखने को मिल रही है, जिसमें महिलाओं के बाद अब पुरुष टीम भी कंपाउंड इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही है। भारतीय पुरुष टीम का फाइनल मैच में सामना चीन की टीम से था, जिसमें तीसरे गेम तक वह एक पॉइंट से पीछे चल रहे थे, जिसके बाद चौथे और आखिरी गेम में उनको बढ़त का मौका मिला जिसमें 238-237 के स्कोर के साथ भारतीय टीम ने इस मुकाबले को जीतने के साथ गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा किया। यह आर्चरी के इवेंट में तीसरा गोल्ड मेडल है। वहीं अब गोल्ड मेडल की कुल संख्या भी दहाई में पहुंचने के साथ 10 हो गई है, जिसमें अभी कुछ और आर्चरी के इवेंट बाकी हैं जिसमें गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा सकती है।
पहले तीन गेम तक भारतीय टीम चल रही थी पीछे
पुरुष आर्चरी कंपाउंड टीम इवेंट में भारतीय टीम के लिए चीन के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं रहने वाला था, जिसमें पहला गेम खत्म होने के बाद भारतीय टीम 58-60 के स्कोर से पीछे चल रही थी। इसके बाद टीम इंडिया ने वापसी की राह तो पकड़ी और दूसरा गेम खत्म होने पर 118-120 के स्कोर साथ पीछे तो थी लेकिन चीन की टीम की गलती की उम्मीद भी कर ही थी। तीसरे गेम में चीन की तरफ से एक गलती देखने को भी मिली जिसमें उनका एक शॉट 9 अंकों का रहा तो वहीं भारतीय टीम ने अपने तीनों शॉट परफेक्ट 10 के स्कोर के साथ बढ़त को एक अंक और कम कर दिया जिसमें तीसरा गेम खत्म होने के साथ स्कोर 178-179 का था।
चीन के खिलाड़ी ने की गलती और चौथे गेम में पलट गया पासा
इस गोल्ड मेडल मैच के चौथे गेम की शुरुआत होने के साथ ही चीन के खिलाड़ी ने एक बड़ी गलती कर दी जिसमें उसका एक शॉट 8 के स्कोर का रहा जो भारतीय टीम के लिए मुकाबले में बढ़त बनाने और गोल्ड मेडल जीतने के लिए अहम साबित हुआ। चौथे गेम में भारतीय टीम ने सभी स्कोर परफेक्ट 10 का करने के साथ कुल स्कोर 238 पहुंचा लिया तो वहीं चीन की टीम 237 का स्कोर ही करने में कामयाब हो सकी जिसके साथ ही आर्चरी में भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम जिसमें साहिल जाधव,थिरुमुरु गणेश मणि रत्नम और कुशल दलाल की तिकड़ी भी गोल्ड मेडल अपने नाम करने में कामयाब रही।
ये भी पढ़ें
चिकिता-साहिल ने आर्चरी में कंपाउंड मिक्स्ड टीम में जीता गोल्ड मेडल, ओलंपिक कोटा भी किया हासिल