A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. VIDEO: परभणी में मंदिर के निर्माणाधीन सभागार का पिलर गिरा, 5 की मौत, 18 श्रद्धालु घायल; PM मोदी और CM फडणवीस ने जताया दुख

VIDEO: परभणी में मंदिर के निर्माणाधीन सभागार का पिलर गिरा, 5 की मौत, 18 श्रद्धालु घायल; PM मोदी और CM फडणवीस ने जताया दुख

परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान संस्थान मंदिर के सामने निर्माणाधीन सभागार का एक पिलर शनिवार दोपहर अचानक गिर गया। इस हादसे में 30 से अधिक श्रद्धालुओं के दबने की प्राथमिक आशंका जताई जा रही है।

मंदिर के निर्माणाधीन सभागार का पिलर गिरा।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मंदिर के निर्माणाधीन सभागार का पिलर गिरा।

महाराष्ट्र के परभणी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान संस्थान मंदिर के सामने निर्माणाधीन सभागार का एक पिलर शनिवार दोपहर अचानक गिर गया। इस हादसे में 30 से अधिक श्रद्धालुओं के दबने की प्राथमिक आशंका जताई जा रही है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 लोग घायल हो गए हैं। अभी भी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

शनिवार को मंदिर में होती है भीड़

जानकारी के अनुसार, यशवाड़ी देवस्थान में प्रत्येक शनिवार को जिले भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। आज भी मंदिर परिसर में दर्शन, कीर्तन और महाप्रसाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे। इसी दौरान मुख्य मंदिर के सामने बन रहे सभागार का पिलर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

कई श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिलर के मलबे के नीचे 30 से अधिक श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही मानवत पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक शिंदे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल पर एम्बुलेंस भी पहुंच गई हैं तथा घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा

अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है। वे अभी भी नुकसान का अंदाज़ा लगा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मलबे के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं। इमारत के गिरने की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। बचाव कार्य जारी है और आगे की जानकारी का इंतज़ार है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ श्रद्धालु मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक से मंदिर के सभागार का पिलर गिर गया। इस वजह से भरभराकर ऊपर से मलबा गिरा और उसके नीचे कई श्रद्धालु दब गए। घटना के बाद से मौके पर चींख-पुकार मच गई। फिलहाल अभी भी रेस्क्यू ऑपेरशन जारी है।

सीएम फडणवीस ने जताया दुख

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "परभणी जिले के यशवाड़ी में एक दुखद घटना में, हनुमान मंदिर की बन रही छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे कुछ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मैं उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। इस घटना में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और तेज़ी से राहत और बचाव कार्य भी किए जा रहे हैं।"

पीएम मोदी ने हादसे को बताया दुखद

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया, "महाराष्ट्र के परभणी में दीवार गिरने से हुई लोगों की मौत बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।" (इनपुट- आमिर हुसैन)

यह भी पढ़ें-

कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग, CCTV फुटेज आया सामने; आरोपी फरार