रोहतक: जिले के महम क्षेत्र में देर रात कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग कर दी। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। फायरिंग के कारण कार्यालय के शीशे टूट गए और इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार विधायक का कार्यालय महम पुलिस थाने के ठीक सामने स्थित है। प्रारंभिक जांच में कार्यालय पर 4 से 5 राउंड फायरिंग के निशान मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। हालांकि अभी तक हमलावरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
विधायक ने जांच की मांग की
विधायक बलराम दांगी ने बताया कि उन्हें सुबह कार्यालय पर फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कार्यालय पर चार राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए डीवीआर अपने कब्जे में ले गई। विधायक ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि उनका कार्यालय पुलिस थाने के सामने है, इसके बावजूद इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है और न ही उन्हें किसी पर शक है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि देर रात बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात करीब 1 बजकर 13 मिनट पर दो युवक बाइक पर सवार होकर विधायक कार्यालय के बाहर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद कपड़े से ढके हुए थे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने कार्यालय की ओर एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग की और दोनों मौके से फरार हो गए। फायरिंग से कार्यालय के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। यह कार्यालय महम थाना के सामने स्थित है, जिसके चलते घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। प्रारंभिक जांच में दो युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 8 विशेष टीमें गठित की हैं और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि विधायक बलराम दांगी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। (इनपुट- सुनील कुमार)
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल: जहांगीर खान की पत्नी सरीना गिरफ्तार, पति को छुड़ाने के लिए पुलिस पर बरसाए थे पत्थर