1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिवाली से पहले थार का कहर! स्कूटी सवार को रौंदकर मकान के गार्डन में जा घुसी, चपेट में आए बुजुर्ग की मौके पर ही मौत

दिवाली से पहले थार का कहर! स्कूटी सवार को रौंदकर मकान के गार्डन में जा घुसी, चपेट में आए बुजुर्ग की मौके पर ही मौत

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 08, 2026 07:05 am IST,  Updated : Nov 08, 2026 07:05 am IST

कानपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार थार ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

Kanpur Thar accident- India TV Hindi
कानपुर में थार ने स्कूटी सवार को कुचला। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के कानपुर में दिवाली से पहले बाजार में थार दौड़ा रही लेडी ड्राइवर ने कहर बरपा दिया। थार ने एक स्कूटी सवार को कुचल दिया और फिर मकान के गार्डन में जा घुसी। वहां मौजूद लोगों ने जब युवती को पकड़ने की कोशिश की तो वो दूसरी कार से मौके से फरार हो गई। ये घटना शनिवार रात करीब 8:00 बजे हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, थार की रफ्तार काफी तेज थी। स्कूटी सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर लगने के बाद थार अनियंत्रित होकर पहले प्रोफेसर एक मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर घुस गई।

लेडी ड्राइवर ने थार से कुचला

बता दें कि दिवाली से पहले ये दर्दनाक हादसा कानपुर के कल्याणपुर के आवास विकास-3 में हुआ। हादसे में स्कूटी सवार 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौत हो गई। बुजुर्ग को कुचलने के बाद थार सवार मौके से भाग निकली। चश्मदीदों का दावा है कि थार को एक महिला चला रही थी। उसके साथ एक अन्य युवती और युवक भी सवार थे। तीनों हादसे के बाद दूसरी कार से मौके से भाग निकले।

घर से महज 500 मीटर दूर हादसे में गई जान

संतोष सिंह चौहान के बेटे राहुल चौहान ने मौके पर पहुंचकर पिता के शव की पहचान की। पिता का शव देखकर राहुल बदहवास हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा। उसने बताया कि रात करीब 7:30 बजे पिता स्कूटी लेकर घर से निकले थे। वह अपनी पत्नी की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। घर से निकलते समय उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर आ गई।

नंबर प्लेट के आधार पर की गई गाड़ी मालिक की पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार की नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी के मालिक की जानकारी जुटाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय थार कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे। इसके लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इससे पहले, हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार पलटने से 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में गरबा के दौरान हंगामा, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप, बैरियर तोड़कर भागे थार सवार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।