1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में भीषण सड़क हादसा, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, CCTV फुटेज आई सामने

हापुड़ में भीषण सड़क हादसा, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, CCTV फुटेज आई सामने

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 31, 2026 09:36 am IST,  Updated : Aug 31, 2026 12:44 pm IST

गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार थार पलटने से बदायूं के 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 1 युवक घायल हो गया। इस हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।

Car Accident in hapur- India TV Hindi
हादसे के बाद कार की हालत Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे की चपेट में आने से कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को हल्की चोट लगी है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात लगभग 12 बजे हुई। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार गाड़ी (नंबर DL 8C BL 9822) चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। अनियंत्रित होते ही गाड़ी एक्सप्रेसवे पर कई बार पलटी खाकर सड़क किनारे गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए।

काफी दिक्कतों के बाद सभी को निकाला गया गाड़ी से बाहर

घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और सिंभावली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे सभी पांचों व्यक्तियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय विष्णु की किस्मत अच्छी थी और उसे मामूली चोटें आई हैं।

सभी मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। मृतकों में 26 साल के जोगिंदर, 25 साल के सुखबीर, 20 साल के जसवंत और 20 साल के रवि शामिल हैं। वहीं हादसे में घायल हुआ 17 साल का विष्णु भी बदायूं के पालपुर गांव का ही रहने वाला है। हादसे के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इसके बाद सड़क पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को क्रेन की मदद से हटवाकर रास्ता साफ कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

लखनऊ में ट्रांसपोर्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या, नहर में मिला शव; एक दिन पहले से थे लापता

गाजियाबाद में ट्रक ने पति-पत्नी को कुचला, दोनों की मौत, इंदिरापुरम की पॉश सोसाइटी में रहते थे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।