1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में गरबा के दौरान हंगामा, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप, बैरियर तोड़कर भागे थार सवार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में गरबा के दौरान हंगामा, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप, बैरियर तोड़कर भागे थार सवार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 20, 2026 09:39 am IST,  Updated : Oct 20, 2026 09:39 am IST

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्पायर सोसाइटी में 18 अक्टूबर की रात गरबा कार्यक्रम के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, चार गाड़ियों में पहुंचे करीब 10 लोगों ने नो-पार्किंग में वाहन खड़े किए और विरोध करने पर महिलाओं से बदसलूकी और जान से मारने की धमकी दी।

Greater Noida- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में गरबा के दौरान हंगामा Image Source : REPORTER INPUT

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्पायर सोसाइटी में गरबा की रौनक के बीच उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब बाहर से आए लोगों पर महिलाओं के साथ अभद्रता और निवासियों को धमकाने के आरोप लगे। शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर थार सवारों ने तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई और सोसाइटी का बैरियर तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्पायर सोसाइटी में 18 अक्टूबर की रात गरबा कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि चार गाड़ियों में करीब 10 लोग सोसाइटी पहुंचे और पार्किंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद मामला महिलाओं से कथित बदसलूकी, गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर सोसाइटी के सुरक्षा कर्मचारियों और निवासियों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। इसी दौरान एक थार चालक पर लोगों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है। मामले में बिसरख थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्किंग से शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना के समय सोसाइटी में गरबा कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें निवासी और उनके परिवार शामिल थे। इसी बीच चार गाड़ियों में करीब 10 लोग वहां पहुंचे। शिकायतकर्ता विश्वास कुमार सिंह का आरोप है कि इन लोगों ने कुछ अन्य गाड़ियों को भी परिसर में बुला लिया और नो-पार्किंग क्षेत्र में जबरन वाहन खड़े कर दिए।

आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग गरबा कार्यक्रम में पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ बदसलूकी करने लगे। जब सोसाइटी के लोगों ने इसका विरोध किया और गाड़ियां हटाने के लिए अनाउंसमेंट कराया गया, तो विवाद और बढ़ गया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने गाली-गलौज की और निवासियों को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इनमें से कई लोग शराब के नशे में थे।

गार्ड और निवासियों को कुचलने की कोशिश का आरोप

शिकायत के अनुसार, जब लोगों से सोसाइटी खाली करने को कहा गया तो वे अपनी गाड़ियों में बैठकर निकलने लगे। इसी दौरान एक थार को तेज रफ्तार में दौड़ाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सुरक्षा गार्ड और कुछ निवासियों ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने कथित तौर पर उन्हें कुचलने का प्रयास किया।

यह घटना रात करीब 11:05 बजे की बताई गई है। आरोप है कि थार सवार पहले मुख्य गेट की ओर पहुंचे, लेकिन वहां तैनात गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद वे गेट नंबर-2 की तरफ गए। गेट बंद होने पर थार से उतरे एक व्यक्ति ने उसे खोलने का प्रयास किया। जब गार्ड ने उसे रोकना चाहा तो आरोपी कथित तौर पर बूम बैरियर तोड़कर गाड़ी सहित फरार हो गए।

पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

शिकायत में तीन अन्य गाड़ियों के सोसाइटी परिसर में मौजूद होने का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता ने एक व्यक्ति की पहचान सोसाइटी में रहने वाले ऐसे शख्स के रूप में बताई, जिसने अपना नाम रुद्र प्रताप सिंह बताया था। उन्होंने आरोपियों से निवासियों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान ही पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी गई थी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। बिसरख थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

(रिपोर्ट: राहुल ठाकुर)

यह भी पढ़ें:

जालौन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिलाओं और बच्चों समेत 20 घायल

यूपी विधानसभा अध्यक्ष महाना पर सोशल मीडिया पोस्ट से सियासी संग्राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत छह पर कानपुर में FIR

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।