1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जालौन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिलाओं और बच्चों समेत 20 घायल

जालौन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिलाओं और बच्चों समेत 20 घायल

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 19, 2026 02:10 pm IST,  Updated : Oct 19, 2026 02:12 pm IST

जालौन के नदीगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 श्रद्धालु घायल हो गए।

Jalaun- India TV Hindi
जालौन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी Image Source : REPORTER INPUT

जवारे चढ़ाने के लिए मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा सोमवार को हादसे में बदल गई। उत्तर प्रदेश के जालौन में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। ट्रॉली पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाए और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

यह दुर्घटना नदीगांव थाना क्षेत्र में सदुपुरा-कनासी मार्ग पर खैराई और कनासी गांव के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, कैलिया खुर्द गांव निवासी ग्याप्रसाद जाटव के यहां 9 दिनों तक जवारे की पूजा-अर्चना की गई थी। नवमी के मौके पर जवारे चढ़ाने के लिए परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अन्य श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोटरा स्थित अक्षरा देवी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चला रहा ब्रजेन्द्र वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में सवार लोग अचानक हुए इस हादसे से संभल नहीं पाए। कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

हादसे में शारदा, अन्नू, पूजा, इंदल सिंह, दीपराज, लवलेश, अनुष्का, मालती, हर्षित, अलका, मुस्कान, पूनम, सुमित और प्रगति समेत कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी काफी है। दुर्घटना में कुछ लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलने पर SDM अभिनव कुमार, CO परमेश्वर प्रसाद और नदीगांव थानाध्यक्ष राजकुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से उनके परिवारों में चिंता का माहौल है।

(रिपोर्ट: वरुण द्विवेदी)

यह भी पढ़ें:

दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी, 2 लाख रुपय की सुपारी देकर मरवाया; 2 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए

बुजुर्ग को खींचकर पानी में ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद नदी किनारे मिला शव; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।