1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. टाइगर श्रॉफ मामले से जुड़ी बड़ी खबर, तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे

टाइगर श्रॉफ मामले से जुड़ी बड़ी खबर, तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे

 Reported By: Abhay Parashar,  Rajesh Kumar,  Manish Bhattacharya,  Saket Rai,  Written By: Amar Deep
 Published : Oct 19, 2026 11:33 am IST,  Updated : Oct 19, 2026 01:17 pm IST

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। तीनों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक तीनों आरोपी पुणे से जयपुर जा रही ट्रेन में सवार हुए थे।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से जुड़े मामले में इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। इस मामले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने तीन लोगों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों को (12939) पुणे–जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से पकड़ा गया। कोटा पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक थे। इनमें रेहान मुख्य आरोपी था, जिसने बाद में दोनों अन्य आरोपियों से संपर्क किया था। ये लोग अनिल पंडित के संपर्क में थे, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है।

ये तीनों आरोपी टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद से फरार हुए थे। यह भी जानकारी मिली है कि फरार आरोपियों में से एक बिहार का जबकि 2 आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। फिलहाल आरोपियों को कोटा की कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ट्रांजिट रिमांड में लेगी। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम कोटा पहुंची है।

तीनों आरोपियों की डिटेल-

  1. ⁠ऋतिक कुमार उर्फ रोशन पुत्र रामू महतो, जाति कुर्मी, उम्र 22, निवासी ग्राम पिपराई, जिला- बेगूसराय, बिहार; (वर्तमान पता- उर्दू स्कूल, अंधेरी वेस्ट, मुंबई; रैपिडो चालक)
  2. ⁠रेहान पुत्र रिशुद्दीन अंसारी, जाति मुसलमान, उम्र 18, निवासी ईदगाह कॉलोनी, पीएस सदर, जिला- सोनीपत, हरियाणा
  3. नाबालिग, निवासी बड़ौदा थूथन, जिला- सोनीपत, हरियाणा 

बदमाशों ने सात राउंड की फायरिंग

दरअसल, रविवार की शाम को मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। वह अपनी कार से जा रहे थे, तभी बिल्कुल करीब से उनपर फायरिंग की गई। हालांकि इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हो गए हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और घटना की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ की कार पर 7 राउंड फायरिंग की गई है। इस घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें अब कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े जाने की जानकारी मिली है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

वहीं इस घटना के थोड़ी देर बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली। गैंग से जुड़े बताए जाने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधु ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली। इससे पहले भी अनिल पंडित का नाम कई फायरिंग और हमलों से जुड़े दावों में सामने आए हैं। दिल्ली में गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर हुई गोलीबारी के मामले में भी कथित तौर पर अनिल पंडित का नाम सामने आया था। इस घटना में टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर और एक रिक्शा चालक भी घायल हैं। फायरिंग की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी टाइगर श्रॉफ की कार पर कई राउंड फायरिंग करते हैं। हालांकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें-

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए पल्सर बाइक का इस्तेमाल, तीन बार हुई खरीद-बिक्री, मालिक से पूछताछ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।