A
Hindi News महाराष्ट्र उद्धव की शिवसेना में सब कुछ ठीक नहीं! नेता विपक्ष के नाम पर खींचतान जारी, नाराज़ हैं भास्कर जाधव?

उद्धव की शिवसेना में सब कुछ ठीक नहीं! नेता विपक्ष के नाम पर खींचतान जारी, नाराज़ हैं भास्कर जाधव?

महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष नेता को लेकर भास्कर जाधव के नाम पर ठाकरे परिवार तैयार नहीं है। इससे शिवसेना उद्धव गुट के विधायक भास्कर जाधव नाराज बताए जा रहे हैं।

Aditya Thackrey- India TV Hindi Image Source : PTI आदित्य ठाकरे, शिवसेना, यूबीटी

मुंबई: महाराष्ट्र में जहां विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो चुका है वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) में नेता विपक्ष पद को लेकर घमासान मचा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक नेता विपक्ष के पद को लेकर भास्कर जाधव के नाम पर ठाकरे परिवार तैयार नहीं है। इससे भास्कर जाधव नाराज बताए जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक भास्कर जाधव की नाराजगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे अब बीजेपी का दरवाजा खटखटा रहे हैं लेकिन फिलहाल उनकी बात नहीं बन रही है।

आदित्य ठाकरे बनेंगे नेता विपक्ष?

सूत्रों के मुताबिक शिवसेना(UBT) के नेताओं और विधायकों को ऐसा लगता है कि अनिल परब को विधानपरिषद् में नेता विपक्ष और विधानसभा में आदित्य ठाकरे को नेता विपक्ष बनाया जाए। ठाकरे परिवार नेता विपक्ष के पद को लेकर भास्कर जाधव के नाम पर पर राजी नहीं है। ठाकरे परिवार के फैसले से नाराज होकर भास्कर जाधव अब पार्टी के विधायकों को अपने साथ जोड़ने में लगे हैं। यह कोशिश इसलिए हो रही है ताकि उद्धव ठाकरे पर दबाव बनाया जा सके।

बीजेपी का दरवाजा खटखटा रहे भास्कर जाधव?

इतना ही नहीं सूत्रों की मानें तो भास्कर जाधव कई विकल्प पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक वे भारतीय जनता पार्टी का दरवाजा भी खटखटा रहे हैं लेकिन एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने बीजेपी से आग्रह किया है कि वह भास्कर जाधव को पार्टी में शामिल नहीं करे। 

सत्ता पक्ष शिवसेना (UBT) में फूट डाल रहा?

इन सारी खींचतान के बीच शिवसेना (UBT) को भी इस बात का अंदेशा है कि उनकी पार्टी के अंदर की खींचतान कहीं किसी फूट में न बदल जाए। शिवसेना (UBT) के नेताओं का कहना है कि सत्तापक्ष उनकी पार्टी में फूट डालने की कोशिश कर रही है। हालांकि सोमवार को आदित्य ठाकरे ने इन बातों को अफवाह बताया था।