पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां किरकटवाड़ी इलाके में एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक बच्चे की जान बाल-बाल बच गई। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस वीडियो में देखा जा सकता है कि चैत्रंगन सोसाइटी में सुबह-सुबह आवारा कुत्तों के एक झुंड ने एक छोटे बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय नागरिक मदद के लिए पहुंच गए, जिससे बच्चे की जान बच गई, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुत्तों के झुंड ने बच्चे पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना आज सुबह की है, जब एक लड़का सोसाइटी परिसर में मौजूद था। वह आराम से जा रहा था, तभी अचानक चार-पांच आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। कुत्तों के आक्रामक व्यवहार से बच्चा बुरी तरह घबरा गया और चिल्लाने लगा। कुत्तों ने उसे नोंचने की कोशिश की, जिससे उसे कुछ चोटें आने की संभावना जताई जा रही है। इसी दौरान लड़के की चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के निवासी और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने पत्थरों और डंडों की मदद से कुत्तों को खदेड़ा और बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर लोग कुछ सेकंड की भी देरी करते, तो कुत्ते मासूम को गंभीर रूप से लहूलुहान कर सकते थे। इस घटना के बाद किरकटवाड़ी और आसपास के परिसर में नागरिकों के बीच भारी रोष और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए चिंताएं जताई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आवारा कुत्तों की वजह से बच्चों की जान खतरे में है। (इनपुट- समीर शेख)
यह भी पढ़ें-
सिगरेट पीने से मना करने पर भड़का दोस्त, पेट्रोल भरवाते समय बाइक की टंकी में फेंक दिया लाइटर; सामने आया VIDEO