A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने में मशगूल था लड़का, पीछे से आ गई ट्रेन; मौके पर ही मौत

रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने में मशगूल था लड़का, पीछे से आ गई ट्रेन; मौके पर ही मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवक चलती ट्रेन के सामने सेल्फी लेने के चक्कर में अपनी जान से हाथ धो बैठा। यह हादसा अंबरनाथ और बदलापुर रेलवे स्टेशनों के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुआ।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे की पटरियों पर सेल्फी लेने में मशगूल 24 वर्षीय युवक की एक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर पंधारी कांडे ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को अंबरनाथ और बदलापुर रेलवे स्टेशन के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुई। कांडे के मुताबिक, मृतक की पहचान साहिर अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और छुट्टियां मनाने के लिए ठाणे के अंबरनाथ इलाके में अपने रिश्तेदार के घर आया था।

ट्रेन के हॉर्न और लोगों की चेतावनी के बावजूद नहीं दिया ध्यान

साहिर मंगलवार को अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए एक फ्लाईओवर के नीचे रेलवे की पटरियों पर गया। सेल्फी लेने में मशगूल होने के कारण वह पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोयना एक्सप्रेस पर ध्यान नहीं दे पाया और उसकी चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साहिर अली जैसे ही सेल्फी ले रहा था, तभी कोयना एक्सप्रेस तेज गति से आ गई। ट्रेन का हॉर्न और अन्य लोगों की चेतावनी के बावजूद साहिर खुद को संभाल नहीं सका। हादसे में साहिर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज

घटना की सूचना पर कल्याण जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। पुलिस इंस्पेक्टर कांडे के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और घटना की जांच की जा रही है।