1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बैंक से 100 मीटर का फासला… और लूट लिए 40 लाख, CCTV में देखिए ठाणे के कल्याण में कैसे हुआ ये सब

बैंक से 100 मीटर का फासला… और लूट लिए 40 लाख, CCTV में देखिए ठाणे के कल्याण में कैसे हुआ ये सब

ठाणे के कल्याण में बैंक से 100 मीटर की दूरी पर ही बदमाशों ने एक व्यापारी से 40 लाख रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े बैंक के बेहद करीब हुई वारदात ने पुलिस को भी चौंका दिया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

बदमाशों ने व्यापारी...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बदमाशों ने व्यापारी के हाथ से छिन लिए 40 लाख रुपये।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में दिनदहाड़े हुई 40 लाख रुपये की लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना कल्याण पश्चिम के आगरा रोड की है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे बैंक में नकदी जमा करने जा रहे व्यापारी को बैंक से महज 100 मीटर पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

एक्टिवा को टक्कर मारी, बैग छीना और हो गए फरार

जानकारी के मुताबिक, तंबाकू-पान मसाला व्यापारी फारूख अख्तर अपने साथी के साथ वालधुनी से एक्टिवा पर सवार होकर आगरा रोड स्थित बैंक में 40 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वे शू-मॉल के सामने पहुंचे, पीछा कर रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी और उसके साथी के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और दुर्गाडी किले की दिशा में फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई लूट से पुलिस भी हैरान

बैंक के बेहद करीब हुई वारदात ने पुलिस को भी चौंका दिया है। माना जा रहा है कि आरोपियों ने व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी होगी या उन्हें नकदी ले जाने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, लूट की सटीक वजह और आरोपियों को नकदी की जानकारी कैसे मिली, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

देखें वीडियो-

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश न्हायदे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर नाकाबंदी शुरू कर दी है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले आगरा रोड पर हुई इस वारदात के बाद अब पुलिस के सामने 40 लाख रुपये की लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों तक जल्द पहुंचने की बड़ी चुनौती है।

वहीं, 4 दिन पहले ही नागपुर के एक बैंक में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई थी। आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और लूट की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

यह भी पढ़ें-

नवी मुंबई के रेस्टोरेंट में हुआ जोरदार धमाका, दो घायल, कई मकानों की खिड़कियां टूटीं; VIDEO आया सामने

मुंबई में 6 बिल्लियों की हत्या करने वाले सीरियल किलर को पुलिस ने दबोचा, पेटा इंडिया ने किया था इनाम का ऐलान