1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 31st को ड्यूटी पूरी कर घर जा रहा था मुंबई का ट्रैफिक पुलिसकर्मी, लोकल ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत

31st को ड्यूटी पूरी कर घर जा रहा था मुंबई का ट्रैफिक पुलिसकर्मी, लोकल ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत

मुंबई के मुलुंड स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर एक दर्दनाक घटना घटी है। यहां एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की लोकल ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। हाल ही में उनकी ‘एंजियोग्राफी’ हुई थी और 26 नवंबर को ही काम पर लौटे थे।

mumbai local train- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE PHOTO) मुंबई लोकल ट्रेन

मुंबई की लाइफलाइन कहलाने वाली लोकल ट्रेन में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल का संतुलन बिगड़ने गया और वह मुलुंड स्टेशन के प्लेटफार्म पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना 31 दिसंबर की है। मृतक की पहचान देवीदास सास्ते के रूप में हुई है, जो सहार यातायात डिवीजन में तैनात थे।

हाल ही में हुई थी ‘एंजियोग्राफी’

पुलिस के अनुसार, सास्ते गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे और उनके हृदय में चार ‘ब्लॉकेज’ थे। वह 7 अगस्त से 25 नवंबर तक मेडिकल लीव पर थे और कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में उनकी ‘एंजियोग्राफी’ हुई थी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद, वह 26 नवंबर को काम पर लौटे थे। बुधवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद सास्ते लोकल ट्रेन से ठाणे जिले के कल्याण में स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। वह ट्रेन के गेट पर खड़े थे। जब ट्रेन मुलुंड पहुंची, तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। देवीदास सास्ते के साथ मौजूद दो पुलिस कांस्टेबल ने उन्हें तुरंत अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लोकल ट्रेन से उतर रहा था युवक, बाड़ में फंस गई गर्दन

बता दें कि इससे पहले जून में मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ था जब गलत साइड से लोकल ट्रेन से उतरते समय लोहे की बाड़ में गर्दन फंसने से 27 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी।

विपरीत दिशा से उतरने की कर रहा था कोशिश 

रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि लोकल ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान व्यक्ति की गर्दन बाड़ में फंस गई। उसे नायर अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी के अनुसार उसी ट्रेन में यात्रा कर रहे और घटना के गवाह कुछ यात्रियों के अनुसार, व्यक्ति विपरीत दिशा से उतरने की कोशिश कर रहा था, जो बाड़ वाला क्षेत्र है। इस कोशिश के दौरान उसकी गर्दन बाड़ में फंस गई और वह जख्मी हो गया।

यह भी पढ़ें-

चलती लोकल ट्रेन से फेंका नारियल, पैदल जा रहे युवक को जाकर लगा, हुई मौत

मराठी ना बोलने पर लोकल ट्रेन में छात्र की पिटाई, तनाव में आकर की आत्महत्या