दहिसर: दहिसर में तैरने गए 2 कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस की प्राथमिक जांच के मुताबिक, नशे की हालत में पानी में उतरने की शंका जताई गई है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई के दहिसर स्थित केतकीपाड़ा इलाके की एक झीलनुमा तालाब में तैरने गए दो कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीयूष गुप्ता (19, कांदिवली) और ओम अंकुश सिंह (19, अंधेरी) के रूप में हुई है।
दोनों अपने दो दोस्तों के साथ झील पर गए थे। जानकारी के मुताबिक, चारों ने दो दिन पहले ही यहां तैरने आने का प्लान बनाया था।
पुलिस को शक है, कि शराब पीने के बाद पानी में उतरने से यह हादसा हुआ। हालांकि, मामले की जांच जारी है।
बोदलकसा जलाशय में भी डूबने से हुई थी 2 युवकों की मौत
इससे पहले गोंदिया के मशहूर पर्यटन स्थल बोदलकसा जलाशय में नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया था और दो युवकों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान मोहित वसंत रहांगडाले और कुणाल सालिकराम भोंडे के रूप में हुई थी। दोनों मृतक तिरोड़ा तहसील के ही ग्राम बरबसपुरा के निवासी थे।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था और मृतकों के घरों में मातम पसर गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, युवकों का समूह जलाशय घूमने आया था। इसी बीच ये लोग नौका विहार के लिए निकले। नाव का संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई और युवक गहरे पानी में चले गए।
मोहित वसंत रहांगडाले और कुणाल सालिकराम भोंडे की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना को जानकर भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। विधायक खुद भी मौके पर मौजूद रहे लेकिन युवक नहीं मिले। बाद में युवकों के शव बरामद हो गए।
पानी में उतरने से पहले रहें सावधान
जानकार मानते हैं कि अगर आपको तैरना नहीं आता है तो पानी में उतरने से बचें। फिर चाहें वो व्यक्तिगत रूप से पानी में कूदना हो या फिर नाव में नौका विहार करना। कई बार गहरे पानी में धोखा हो जाता है और इंसान अपनी जान गंवा बैठता है। ध्यान रखें कि अगर आप अच्छे तैराक हैं, फिर भी अकेले किसी गहरे पानी वाली जगह पर ना जाएं।
ये भी पढ़ें-
नहाने गए पांच दोस्तों की एक साथ डूबने से हुई मौत, आखिरी सेल्फी आई सामने; सभी के शव बरामद