1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नहाने गए पांच दोस्तों की एक साथ डूबने से हुई मौत, आखिरी सेल्फी आई सामने; सभी के शव बरामद

नहाने गए पांच दोस्तों की एक साथ डूबने से हुई मौत, आखिरी सेल्फी आई सामने; सभी के शव बरामद

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 09, 2026 10:42 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 10:42 pm IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक साथ पांच दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। सभी दोस्त एक साथ वर्धा नदी में नहाने गए थे। सभी ने एक सेल्फी भी ली थी, जो आखिरी याद बन गई।

पांचों दोस्तों की आखिरी सेल्फी।- India TV Hindi
पांचों दोस्तों की आखिरी सेल्फी। Image Source : REPORTER INPUT

चंद्रपुर: जिले के घुग्घुस क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। यहां वर्धा नदी में नहाने गए पांच दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नदी किनारे पहुंचने के बाद युवकों ने अपने मोबाइल से सेल्फी भी ली थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह तस्वीर उनकी आखिरी याद बन जाएगी। करीब 15 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह सभी पांचों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घुग्घुस के इंदिरा नगर परिसर में शोक की लहर फैल गई है।

नहाने निकले थे पांचो दोस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार घुग्घुस शहर के इंदिरा नगर निवासी पांच युवक सोमवार दोपहर घर से निकले थे। वे माथारदेवी परिसर स्थित वर्धा नदी में नहाने और तैरने के लिए गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने युवकों की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान नदी किनारे युवकों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें मिलीं। आशंका बढ़ने पर परिजनों ने घुग्घुस पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घुग्घुस पुलिस ने चंद्रपुर पुलिस रेस्क्यू टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि रात का अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आई, जिससे अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

सभी की हुई पहचान

मंगलवार सुबह चंद्रपुर पुलिस के बचाव एवं खोज दल की सहायता से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नावों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। सबसे पहले एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसके बाद क्रमशः सभी पांचों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार नदी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगने से युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान तन्मय पथाडे, सम्यक सोनटक्के, नकुल केलजरकर, सन्नी आसमपल्ली और रोहित बोबले के रूप में हुई है। सभी युवक 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के थे और एक ही इलाके के निवासी थे।

करीब 15 घंटे चला रेस्क्यू अभियान

इस घटना के संदर्भ में घुग्घुस पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत ने बताया कि नदी किनारे युवकों के कपड़े, मोबाइल और चप्पलें मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। चंद्रपुर पुलिस की विशेष खोज टीम की मदद से लगभग 13 से 15 घंटे की मशक्कत के बाद सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। (इनपुट- मिलिंद दिंन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

जयपुर की अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के साथ लगी आग, 7 लोगों की मौत; कई घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।