1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: नंदीग्राम-रेजीनगर से नगांव तक उपचुनाव का महासंग्राम, 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी; हुमायूं कबीर गिरफ्तार
  Live Now

LIVE: नंदीग्राम-रेजीनगर से नगांव तक उपचुनाव का महासंग्राम, 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर वोटिंग जारी; हुमायूं कबीर गिरफ्तार

 Written By: Khushbu Rawal
 Updated : Oct 06, 2026 09:19 am IST

देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 6 सीटों पर आज उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। इनमें असम की नगांव लोकसभा सीट के अलावा पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट शामिल हैं।

शुभेंदु अधिकारी और...- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी और थलपति विजय का पहला टेस्ट। Image Source : PTI

5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। असम की नगांव लोकसभा सीट, बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, TMC, DMK, TVK, CPI समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने हैं। इन सभी सीटों के चुनावी नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

BJP के लिए क्यों अहम है नंदीग्राम सीट?

इस उपचुनाव में खासकर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है।

इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया है। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।

CM विजय का पहला टेस्ट

वहीं, ये उपचुनाव तमिलनाडु के CM विजय का भी पहला टेस्ट है। तमिलनाडु की मदुरंतकम विधानसभा सीट और धारापुरम विधासनभा सीट के लिए भी उपचुनाव है। वहीं, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।

Live updates :By Election 2026 LIVE Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 7:41 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू, हुमायूं कबीर ने क्या आरोप लगाया?

    उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के नेता और विधायक अजीत कुमार यादव ने रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला।

    AJUP के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि पुलिस खुद कई बूथों पर वोटिंग प्रोसेस में गड़बड़ी कर रही है। भारत के गणतंत्र और संविधान के तहत, पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा और हिफ़ाज़त सुनिश्चित करना है; यही उनका कर्तव्य है। फिर भी, वही लोग वोटिंग में गड़बड़ी कर रहे हैं। वोटिंग में गड़बड़ी करने की क्या ज़रूरत है? सरकार तो पहले से ही बनी हुई है।

  • 6:55 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    कितने बजे तक होगी वोटिंग, नतीजे कब आएंगे?

    पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी की कुल 6 सीटों (5 विधानसभा और एक लोकसभा) पर उपचुनाव के लिए आज यानी मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी। अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा समेत सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सुरक्षा बलों की 71 कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों की 37 कंपनियां नंदीग्राम और 34 कंपनियां रेजीनगर में तैनात की गई हैं।

     

  • 6:52 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    CM हिमंत बिस्वा सरमा ने झोंकी ताकत

    असम की नगांव लोकसभा सीट पर जीत हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। नगांव लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में जहां सत्तारूढ़ भाजपा जीत हासिल कर अपना दायरा बढ़ाना चाहती है। वहीं कांग्रेस इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत रखते हुए इसे बरकरार रखने के लिए पूरी दमखम लगाये हुए है। उधर, पुडुचेरी में थट्टानचावडी विधानसभा के लिए भी आज वोट डाल जाएंगे।

     

     

  • 6:50 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    शुभेंदु-विजय के लिए बड़ा टेस्ट

    बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के लिए हो रहा उपचुनाव सीएम शुभेंदु अधिकारी के लिए पहली बड़ी परीक्षा है। वहीं, तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरमविधानसभा सीट का उपचुनाव सीएम थलपति विजय की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। क्योंकि सीएम बनने के बाद विजय के लिए बड़ा मुकाबला है। 

  • 6:49 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    उपचुनाव से पहले मॉक पोल

    असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव से पहले झारगांव LP स्कूल के पोलिंग स्टेशन नंबर 122 और 123 पर मॉक पोल चल रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पोलिंग स्टेशन नंबर 250 पर रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव से पहले मॉक पोल चल रहा है।

     

  • 6:45 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    किन किन सीटों पर उपचुनाव?

    विधानसभा सीट

    • रेजीनगर (पश्चिम बंगाल)
    • नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल)
    • मदुरंतकम (तमिलनाडु)
    • धारापुरम (तमिलनाडु)
    • थट्टांचावडी (पुडुचेरी)

    लोकसभा सीट

    • नगांव (असम)
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।