1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत, 3 घायल

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की मौत, 3 घायल

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 06, 2026 09:15 am IST,  Updated : Oct 06, 2026 09:15 am IST

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर रोड पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा Image Source : INDIA TV

मुजफ्फरनगर में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया। पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार रात करीब 10:15 बजे हुआ। लक्सर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो एन कार संख्या UK 16 G 0005 को सामने से आ रहे डंपर UK 17 CA 8485 ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सात लोग थे सवार

हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल सात लोग मौजूद थे। इनमें करीब 50 साल के चालक आदेश कुमार और करीब 35 वर्षीय निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं राखी (48), गोनी (11), कुसुम (70), रूबी (48) और वैष्णवी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान निशा और गोनी की भी मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। तीन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिवारों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था सामान्य है।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें: 

कानपुर में सर्जन ने पूजा घर के सामने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था विवाद; की थी दो शादियां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।