प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज के बाद एक पति, अपनी पत्नी से इतना ज्यादा गुस्सा हो गया कि उसने ससुराल के बाहर खड़ी 3 स्कूटियों में आग लगा दी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रयागराज में तड़के पत्नी से नाराज पति ने ससुराल पहुंचकर, घर के बाहर खड़ी तीन स्कूटियों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया जा रहा है कि युवक ने कुछ महीने पहले युवती से लव मैरिज की थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद पत्नी मायके में रहने लगी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पति सोमवार सुबह करीब 3 बजे बहादुरगंज के लोहिया पांडे का हाता स्थित ससुराल पहुंचा और वहां खड़ी तीन स्कूटियों में आग लगा दी, आग लगते ही तीनों स्कूटियां धू-धूकर जलने लगीं, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देखें VIDEO-
चर्चाओं का बाजार गरम
इस मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गरम है। एक तरफ लोग इस बात को लेकर हैरानी जता रहे हैं कि जब लव मैरिज की थी तो उसके बाद ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसकी वजह से पत्नी अपने पति का घर छोड़कर मायके में आकर रहने लगी? वहीं सवाल इस बात को लेकर भी उठ रहे हैं कि आखिर पति ने स्कूटी में आग क्यों लगाई और ऐसा करके वह क्या साबित करना चाहता था? क्या ये घटना क्षणिक गुस्से का परिणाम थी या फिर इसके पीछे लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने घी का काम किया?
इस मामले को लेकर तमाम सवाल हैं लेकिन फिलहाल तो अब इसी बात पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि आजकल लव मैरिज हों या अरेंज मैरिज, दोनों ही मैरिज में पति-पत्नी के बीच गंभीर विवाद सामने आ रहे हैं। पहले के मुकाबले में अब ऐसे मामलों की संख्या बढ़ सी गई है। कारण जो भी हों लेकिन ये समाज के लिए चिंता का विषय है।
इससे पहले खबर सामने आई थी कि पति को नामर्द बताकर पत्नी ने ससुराल छोड़ दिया था और नकदी-जेवर लेकर फरार हो गई थी। कोर्ट के आदेश पर 6 पर FIR हुई थी।
ये भी पढ़ें-