1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गले में रस्सी बांधकर घसीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

कानपुर में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, गले में रस्सी बांधकर घसीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 05, 2026 05:04 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 05:04 pm IST

कानपुर में एक युवक की पीटपीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसे रस्सी से बांधकर घसीटा गया। मृतक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Police reached the spot after receiving information about the murder of a youth in Kanpur.- India TV Hindi
कानपुर में युवक की हत्या की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस। Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • कानपुर देहात के जुरावरपुर में विवाद ने लिया खूनी रूप
  • मृतक की बहन की तहरीर पर छह लोगों पर हत्या का मुकदमा
  • पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक की बहन की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जुरावरपुर गांव निवासी शिव कुमार मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि उनका परिवार गांव में रहता है। उनका 35 वर्षीय बेटा राम सनेही गांव में ही था। परिजनों के मुताबिक राम सनेही की गांव के ही रामस्वरूप के परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही थी।

गाली देने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि रविवार शाम रामसनेही गांव में था। आरोप है कि रामस्वरूप शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। रामसनेही ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद रामस्वरूप, उसकी पत्नी रामकुमारी, बेटे अंकुश और बेटियां तन्नू, प्रिया व रीना ने एकराय होकर रामसनेही पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक से हुए हमले में रामसनेही गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आसपास के लोगों के ललकारने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

गंभीर हालत में हैलट भेजा गया

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामसनेही को उपचार के लिए सीएचसी शिवली भेजा। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान रामसनेही की मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की बहन रजनी पत्नी मनोज की तहरीर पर पुलिस ने रामस्वरूप, उसकी पत्नी, बेटे और तीन बेटियों समेत छह लोगों के खिलाफ एकराय होकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया है। शिवली कोतवाली पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कानपुर में सर्जन ने पूजा घर के सामने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था विवाद; की थी दो शादियां

क्या प्रेमानंद महाराज को बनाया जा रहा निशाना? जानबूझ कर फैलाई जा रही अफवाह? आश्रम ने क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।