भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को अयोध्या के रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में आयोजित गुरु पर्व महोत्सव में सम्मिलित हुए और वहां आए लोगों को संबोधित किया। इस दौरान राजनाथ सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बड़ी मांग कर दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ दोबारा उत्तर प्रदेश की सरकार बनाते हैं, तो वह उनसे प्रदेश के सभी विद्यालयों में वैदिक गणित की पढ़ाई शुरू कराने का आग्रह करेंगे।
विदेशों में भी पढ़ाई जाती है वैदिक गणित
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वैदिक गणित की अपनी विशिष्टता है और विदेशों में भी इसे पढ़ाया जाता है। राजनाथ सिंह ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके संरक्षण में शासन व्यवस्था और सनातन व्यवस्था दोनों उत्कर्ष की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने संस्कृत को देव भाषा और आध्यात्म की भाषा बताते हुए कहा कि वैदिक गणित भी बेजोड़ है। उन्होंने दावा किया कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में भी वैदिक गणित पढ़ाई जाती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि संस्कृत हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और आधुनिक शिक्षा हमें भविष्य के लिए तैयार करती है। हमारा लक्ष्य ऐसी पीढ़ी तैयार करना है, जो वेदों की गहराई को समझे, तकनीक की शक्ति को पहचाने और ज्ञान के बल पर नए भारत का निर्माण करे।
अयोध्या चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र
कार्यक्रम में संतों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने अयोध्या को केवल भौगोलिक स्थान नहीं, बल्कि चेतना, संस्कृति और सभ्यता का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने इस धरती को अपने चरणों से पवित्र किया और यहां से धर्म, न्याय और मर्यादा का संदेश पूरी दुनिया में पहुंचा। श्री नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के कारण वह भवन का उद्घाटन नहीं कर सके। राजनाथ सिंह ने राम मंदिर आंदोलन में संतों के योगदान को भी याद किया और कहा कि संतों ने लंबे संघर्ष में जेल की यातनाएं सहीं और बलिदान दिए।
राजनाथ सिंह ने किए हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया और रामलला का आशीर्वाद लिया। राजनाथ सिंह ने कहा- "अयोध्या में आज श्री रामलला एवं श्री हनुमानजी के दर्शन करके स्वयं को सौभाग्यशाली अनुभव कर रहा हूँ। दोनों मंदिरों में पूजन-अर्चन करके भारत की प्रगति एवं लोक कल्याण की कामना की।" (रिपोर्ट: अखंड सिंह)
ये भी पढ़ें- लखनऊ में बाढ़ से बचने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध, CM योगी ने की घोषणा
यूपी से बड़ी खबर, मायावती के भतीजे आकाश आनंद की फिर हुई बसपा में वापसी, जानें कौन सा पद मिला