1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'जेलर 2' ट्रेलर रिलीज, मुथुवेल पांडियन बनकर फिर लौटे रजनीकांत, सुपरस्टार संभालेंगे नया मिशन

'जेलर 2' ट्रेलर रिलीज, मुथुवेल पांडियन बनकर फिर लौटे रजनीकांत, सुपरस्टार संभालेंगे नया मिशन

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Oct 05, 2026 07:31 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 07:31 pm IST

'जेलर 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। रजनीकांत मुथुवेल पांडियन के रूप में धांसू वापसी करने के लिए तैयार हैं। इसमें एसजे सूर्या, विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती और सूरज वेंजरामुडु जैसे बेहतरीन कलाकार साथ नजर आने वाले हैं।

Rajinikanth Jailer 2 Trailer- India TV Hindi
रजनीकांत Image Source : SCREEN GRAB FROM SUN NEO TV YT

इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। 'जेलर 2' का हिंदी ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें रजनीकांत अपने धांसू किरदार मुथुवेल पांडियन के रूप में जबरदस्त एक्शन करते नजर आ रहे हैं। नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी यह सीक्वल पहली फिल्म के मुकाबले कई गुना ज्यादा एक्शन, रोमांच और मनोरंजन से भरपूर होगी। इसमें बड़े दांव-पेच, नए चेहरे और भरपूर हंगामा देखने को मिलेगा। यह फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। सन पिक्चर्स ने सोमवार, 5 अक्टूबर को 'जेलर 2' का ट्रेलर रिलीज किया। इससे दर्शकों को 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जेलर' के सीक्वल की कास्ट की पहली झलक देखने को मिली।

'जेलर 2' का धांसू ट्रेलर रिलीज

यह ट्रेलर फिल्म के रिलीज होने से दस दिन पहले आया है। इससे पहले एक प्रमोशन कैंपेन चलाया गया था, जिसमें अनिरुद्ध रविचंदर के 12 गानों वाले एल्बम के चार गाने शामिल थे। इनमें नोरा फतेही का स्पेशल गाना 'बिंदास' भी शामिल है। ट्रेलर में एक बार फिर सुपरस्टार रजनीकांत कहानी की जान हैं, जो रिटायर्ड जेलर मुथुवेल पांडियन का किरदार निभा रहे हैं। जहां पहली फिल्म उनके शांत जीवन के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो बेटे के गायब होने के बाद पूरी तरह उलट-पुलट हो जाता है। वहीं सीक्वल में उन्हें और भी खतरनाक हालात का सामना करते हुए दिखाया गया है। ट्रेलर की झलक एक जबरदस्त एक्शन एंटरटेनर का वादा करती है, जिसमें नेल्सन का खास डार्क ह्यूमर और बड़े-बड़े रोमांचक पल देखने को मिलेंगे।

जेलर 2 में इन नए कलाकारों की हुई एंट्री

रजनीकांत कहानी के मुख्य किरदार यानी रिटायर हो चुके जेलर के तौर पर वापसी कर रहे हैं। साथ ही फिल्म की कास्ट में SJ सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे नए कलाकार भी शामिल हुए हैं। फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक की भी वापसी हो रही है, जिससे पहली फिल्म की टीम के ज्यादातर सदस्य फिर से एक साथ आ रहे हैं और साथ ही कई नए नाम भी जुड़ रहे हैं।

जेलर 2 ट्रेलर से छाए मोहनलाल से विद्या बालन तक

'जेलर 2' ट्रेलर का अंत नेल्सन के एक्शन और हल्के-फुल्के मजाक के साथ होता है, जिसमें एक सीन में किसी को इसलिए टोका जाता है क्योंकि उसने कार साफ करते-करते यात्रियों की पिटाई करवा दी थी। इसमें कई स्पेशल अपीयरेंस और पुराने किरदारों की वापसी की झलक भी मिलती है। शिवा राजकुमार 'नरसिम्हा' के रोल में एक शानदार स्लो-मोशन शॉट में लौटते हैं, जबकि मोहनलाल अंडरवर्ल्ड बॉस 'मैथ्यू' के तौर पर विंटेज सनग्लासेस, चेन और अपने जाने-पहचाने अंदाज में एंट्री करते दिखते हैं। जैकी श्रॉफ भी 'कामदेव' के रोल में वापसी करते हैं और एक अंधेरे कमरे में हाथ में ग्लास लिए बैठे नजर आते हैं। विद्या बालन साड़ी में एक तेज-तर्रार और रहस्यमयी अवतार में दिखती हैं। वे डाइनिंग टेबल पर रजनीकांत के साथ स्मोकिंग करते हुए आमने-सामने होती हैं और बातचीत करती हैं। एस.जे. सूर्या खाना खाते हुए स्नाइपर सेटअप के बारे में बात करते दिखते हैं, जिससे किसी दमदार विलेन या प्रतिद्वंद्वी किरदार का संकेत मिलता है। ट्रेलर में योगी बाबू, जाफर सादिक और वीटीवी गणेश जैसे सपोर्टिंग कलाकार भी नजर आते हैं। खबरों के मुताबिक शाहरुख खान और ऋतिक रोशन भी इस फिल्म में नजर आ सकते हैं।

जेलर 2 का बॉक्स ऑफिस

Sacnilk के अनुसार यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और इसने भारत में 348.55 करोड़ और दुनिया भर में 604.50 करोड़ की कमाई की।

ये भी पढ़ें - 'जेलर 2' में इस सुपरस्टार की होगी एंट्री, रजनीकांत संग धुआंधार एक्शन करते आएंगे नजर

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।