1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर की अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के साथ लगी आग, 7 लोगों की मौत; कई घायल

जयपुर की अवैध पटाखा गोदाम में धमाके के साथ लगी आग, 7 लोगों की मौत; कई घायल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 09, 2026 07:01 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 07:14 pm IST

जयपुर में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से हुई मौत। - India TV Hindi
पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से हुई मौत। Image Source : PTI

जयपुर के खो-नागोरियन इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने का मामला सामने आया है। इस घटना में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और अस्पताल के कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने दी। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह जयपुर के खोह नागोरियन इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से चल रहे पटाखों के गोदाम में धमाके के बाद आग लग गई थी। अधिकारियों ने बताया कि आग खोह नागोरियन की आयशा नगर तलाई कॉलोनी के एक छोटे से घर में लगी, जहां कथित तौर पर पटाखे रखे गए थे।

सीएम ने हादसे पर जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शर्मा ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। एक्स पर एक पोस्ट में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, "जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जनहानि का समाचार दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

हादसे के कारणों की जांच जारी

जयपुर के कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिसर के अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी हो सकती है। उन्होंने कहा, "घर में कुछ ज्वलनशील पदार्थ था, जबकि आग लगने का सही कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा।" वहीं पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि यह घर एक गोदाम था, जो रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चल रहा था और पास ही एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी थी। उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया, यह एक स्टोरेज फैसिलिटी लगती है। फोरेंसिक जांच से पुष्टि होगी कि गोदाम में रखे गए पदार्थ पटाखे थे या नहीं।" उन्होंने कहा कि मालिक और इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने सुनी धमाके की आवाज 

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आग लगने से पहले धमाके की आवाज सुनाई दी और स्थानीय लोगों ने मजदूरों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "एक पानी का टैंकर बुलाया गया और हमने होज पाइप के साथ अंदर जाने की कोशिश की। हम तीन-चार लोगों को बाहर निकालने में कामयाब रहे और बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।" गोदाम के बगल में रहने वाले एक और निवासी, लियाकत ने बताया कि आग की लपटों के पूरे परिसर को अपनी चपेट में लेने से ठीक पहले उन्होंने सिलेंडर फटने जैसा धमाका सुना। उन्होंने बताया कि जले हुए मलबे से आतिशबाजी के एक ब्रांड के नाम वाला रैपर मिला है, जिससे पता चलता है कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में सामान मौजूद था।

यह भी पढ़ें-

मुजफ्फरपुर: सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे और गोलियों से भून डाला, किराना व्यापारी की बेरहमी से हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।